Guru Purnima 2026: गुरु पूर्णिमा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की उस महान परंपरा का उत्सव है, जिसने गुरु को ईश्वर से भी ऊंचा स्थान दिया. 29 जुलाई 2026 को आषाढ़ पूर्णिमा के अवसर पर देशभर में गुरु पूर्णिमा श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जाएगी. इस दिन महर्षि वेदव्यास को स्मरण कर गुरुजनों का सम्मान किया जाता है. सनातन परंपरा में उन्हें ज्ञान, भक्ति और धर्म के अमर आचार्य के रूप में माना जाता है.
मैथिल पंडित आचार्य धर्मेंद्रनाथ मिश्र के अनुसार महर्षि वेदव्यास का जीवन केवल ऋषि परंपरा का इतिहास नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए ज्ञान और आध्यात्मिक मार्गदर्शन का आधार है. उनके द्वारा रचित ग्रंथ आज भी करोड़ों लोगों के जीवन को दिशा दे रहे हैं.
कौन थे महर्षि वेदव्यास?
आचार्य धर्मेंद्रनाथ मिश्र बताते हैं कि द्वापर युग के अंत में महर्षि पराशर और माता सत्यवती के पुत्र के रूप में भगवान श्रीकृष्ण द्वैपायन वेदव्यास का अवतार हुआ. उनका जन्म एक द्वीप पर होने के कारण उन्हें 'द्वैपायन' कहा गया, जबकि श्याम वर्ण होने के कारण उनका नाम 'कृष्ण द्वैपायन' पड़ा.
बाद में उन्होंने वेदों का चार भागों में विभाजन किया, जिसके कारण वे पूरी दुनिया में 'वेदव्यास' के नाम से प्रसिद्ध हुए.
वेदव्यास ने सनातन परंपरा को क्या दिया?
महर्षि वेदव्यास का योगदान भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म की सबसे बड़ी धरोहरों में गिना जाता है. उन्होंने हिमालय स्थित बद्रीवन में तपस्या करते हुए वेदों का विभाजन किया. इसके अलावा ब्रह्मसूत्र की रचना की और महाभारत जैसे विश्वविख्यात महाकाव्य की रचना की.
उन्होंने अठारह महापुराणों की रचना कर धर्म, ज्ञान और भक्ति का विशाल भंडार मानव समाज को समर्पित किया.
श्रीमद्भागवत की रचना क्यों की?
आचार्य धर्मेंद्रनाथ मिश्र के अनुसार इतना विशाल साहित्य रचने के बाद भी महर्षि वेदव्यास को आत्मसंतोष नहीं मिला. तब देवर्षि नारद की प्रेरणा से उन्होंने 18 हजार श्लोकों वाले श्रीमद्भागवत महापुराण की रचना की.
मान्यता है कि श्रीमद्भागवत भगवान के नाम, गुण, लीला और भक्ति का ऐसा दिव्य संदेश देता है, जो मनुष्य को धर्म, करुणा और मोक्ष के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है.
गुरु पूर्णिमा का क्या है महत्व?
गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति में गुरु और शिष्य के पवित्र संबंध का प्रतीक मानी जाती है. इस दिन लोग अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हैं, उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं और ज्ञान के मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं.
आचार्य धर्मेंद्रनाथ मिश्र ने कहा कि महर्षि वेदव्यास सभी उपासना पद्धतियों के आदर्श आचार्य हैं. उनके ग्रंथ आज भी समाज को धर्म, संस्कार और आध्यात्मिक जीवन की दिशा प्रदान कर रहे हैं.
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरु परंपरा का सम्मान करने, अपने गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने तथा ज्ञान, संस्कार और धर्म के मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का आह्वान किया.
Guru Purnima 2026: क्यों आज भी प्रासंगिक हैं वेदव्यास?
तेजी से बदलती दुनिया में भी महर्षि वेदव्यास की शिक्षाएं उतनी ही प्रासंगिक हैं जितनी हजारों वर्ष पहले थीं. उनके ग्रंथ केवल धार्मिक नहीं, बल्कि जीवन प्रबंधन, नैतिक मूल्यों, कर्तव्य और मानवता का भी संदेश देते हैं. यही कारण है कि गुरु पूर्णिमा का पर्व आज भी भारतीय संस्कृति में ज्ञान और गुरु परंपरा के सबसे महत्वपूर्ण उत्सवों में गिना जाता है.
Also Read: NEET प्रदर्शनकारियों पर बड़ा फैसला, बिहार सरकार वापस लेगी दर्ज FIR, जल्द होंगे रिहा
