पिपरा. सुपौल-अररिया रेल परियोजना के पहले चरण में सुपौल से पिपरा तक 31 मार्च तक रेल सेवा शुरू करने की सरकार की प्रतिबद्धता को उस समय बल मिला जब शुक्रवार की संध्या रेल पटरी से लदी माल गाड़ी पिपरा स्टेशन पहुंची. शुक्रवार की संध्या मालगाड़ी के डीजल इंजन की सीटी सुनने के साथ ही लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई. लोग निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन की ओर दौड़ने लगे. महिलाएं और बच्चे भी भीड़ में शामिल थे. मालगाड़ी के रुकते ही लोग इंजन पर चढ़कर सेल्फी लेने लगे. मिली जानकारी अनुसार 27 मार्च को सीआरएस होना है तथा 29 मार्च को सुपौल से पिपरा तक रेल परिचालन का शुभारंभ करने का लक्ष्य रखा गया है. इस दिशा में दिन रात काम चल रहा है. 630 मीटर लंबे प्लेटफार्म तथा 70 मीटर लंबे रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य प्रगति पर है. लोग बेसब्री से 29 मार्च का इंतजार कर रहे हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
