फर्जी आधार-पैन बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

साइबर थाना में मामला दर्ज

– छापेमारी में लैपटॉप, स्कैनर, 50 सिम और हजारों फर्जी दस्तावेज बरामद – साइबर थाना में मामला दर्ज सुपौल. साइबर थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य सरकारी दस्तावेज बनाने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई. एसपी शरथ आरएस ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर जानकारी दी. एसपी शरथ आरएस ने कहा कि साइबर पुलिस को 9 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली थी कि बसबिट्टी चौक स्थित ‘छोटू आधार सेंटर’ में अवैध तरीके से फर्जी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं. सूचना के आधार पर साइबर थाना की टीम ने छापेमारी की, जहां से बाबुल कुमार गुप्ता (23) और मुकेश पासवान (30) को संदिग्ध गतिविधियों के आरोप में हिरासत में लिया गया. पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने आधार संबंधी कार्य करने की बात कही, लेकिन आधार लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन से जुड़े सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके. जांच में खुलासा हुआ कि ये लोग एक वेबसाइट के माध्यम से फर्जी आवासीय प्रमाण पत्र बनाकर ईकैंप आधार सॉफ्टवेयर को बायपास करते हुए अवैध तरीके से आधार कार्ड तैयार करते थे. एसपी ने कहा कि तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से 6 लैपटॉप, 4 फिंगरप्रिंट स्कैनर, 4 आइरिस स्कैनर, 2 जीपीएस डिवाइस, 3 कैमरा, 8 मोबाइल, 50 सिम कार्ड तथा हजारों की संख्या में फर्जी आवासीय और जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए. जांच के क्रम में वेबसाइट संचालक पप्पू कुमार की संलिप्तता सामने आई, जिसे सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार, उक्त वेबसाइट पर देश के विभिन्न राज्यों से 1250 से अधिक यूजर अकाउंट सक्रिय पाए गए हैं. इस मामले में साइबर थाना, सुपौल में संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज कर लिया गया है और सभी तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. कहा कि मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन पड़ताल की जा रही है. छापेमारी दल में साइबर थाना के पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुअनि राजू कुमार, पुअनि महफूज आलम, पुअनि जितेंद्र कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >