बाबा भीमशंकर मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 25 हजार श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

सुबह से लेकर पट बंद होने तक मंदिर परिसर और आसपास का इलाका भक्तों की भीड़ और जयकारों से गुंजायमान रहा

राघोपुर. भादव मास के अंतिम रविवार को राघोपुर प्रखंड क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बाबा भीमशंकर मंदिर में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला. दूर-दराज के गांवों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ पर जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति का आशीर्वाद मांगा. मंदिर समिति के अनुसार, रविवार को लगभग 25 हजार श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया. आम दिनों में जहां मंदिर के पट सुबह 4 बजे खुलते हैं, वहीं श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए इस बार सुबह 03 बजे ही पट खोल दिए गए. इसके बाद मंदिर परिसर “हर-हर महादेव ” और “बम-बम भोले ” के जयकारों से गूंज उठा. इस बार का रविवार और भी खास रहा क्योंकि भादव मास का अंतिम रविवार पूर्णिमा तिथि और चंद्रग्रहण के साथ पड़ा. धार्मिक परंपरा के अनुसार, सूतक काल शुरू होते ही दोपहर में मंदिर के पट बंद कर दिए गए. उससे पहले सभी श्रद्धालुओं को दर्शन और जलाभिषेक का अवसर दिया गया. पंडितों के अनुसार, भादव मास के अंतिम रविवार को बाबा भीमशंकर नाथ के जलाभिषेक का विशेष महत्व है. मान्यता है कि इस दिन जल चढ़ाने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और ग्रहण एवं पूर्णिमा के संयोग में पूजा करने से पुण्य फल कई गुना बढ़ जाता है. सुबह से लेकर पट बंद होने तक मंदिर परिसर और आसपास का इलाका भक्तों की भीड़ और जयकारों से गुंजायमान रहा. महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग सभी श्रद्धा भाव से बाबा की आराधना में लीन दिखे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >