प्रतापगंज. प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में शुक्रवार को पंचायत समिति की सामान्य बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख डेजी कुमारी ने की. जबकि संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी अमरेश कुमार मिश्रा ने किया. बैठक के दौरान पंचायत समिति के सदस्यों के कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे होने पर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं. बैठक की शुरुआत बीपीआरओ द्वारा पूर्व में लिए गए प्रस्तावों की समीक्षा से हुई. कई प्रस्तावों को पूर्ण नहीं होने की स्थिति में उन्हें दोबारा दर्ज किया गया. बैठक में किसानों की समस्याओं पर विशेष चर्चा हुई. जिसमें यूरिया खाद की बढ़ी कीमतों का मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया गया. इसके अलावा बिजली, मनरेगा, पशु चिकित्सा, आंगनबाड़ी, जीविका, अंचल, पंचायती राज और शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी प्रस्ताव दर्ज किए गए. प्रशिक्षु अंचलाधिकारी मुकेश कुमार यादव ने राजस्व विभाग की स्थिति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार रैयतों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत है. उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील किया कि वे राजस्व वसूली को मजबूत करने में सहयोग करें, क्योंकि इस मामले में प्रखंड की स्थिति जिले में अपेक्षाकृत कमजोर है. बैठक के अंत में विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ सुचारू रूप से मिल सके. बैठक में मुखिया रणजीत प्रसाद सिंह, अनिल कुमार यादव, कृष्ण कुमार मंडल, महानंद पासवान, मनोज मरीक, सफीउल्लाह अंसारी, ब्रह्मदेव पासवान समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
