राघोपुर : बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद शनिवार को सिमराही पहुंचे. उन्होंने प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सचिन माधोगड़िया के आवास पर स्थानीय एनडीए कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास और संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की. मंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा.
सिमराही पहुंचने पर सचिन माधोगड़िया ने अंगवस्त्र, पाग और पुष्पमाला भेंट कर मंत्री का स्वागत किया. इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव और जदयू जिलाध्यक्ष राजेंद्र यादव ने भी अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर उनका अभिनंदन किया.
क्षेत्र की समस्याओं और विकास पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान संगठन की गतिविधियों, क्षेत्र के विकास, पर्यावरण संरक्षण और आम लोगों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. कार्यकर्ताओं ने स्थानीय स्तर की समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखते हुए उनके समाधान की दिशा में पहल करने का आग्रह किया.
मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रियता और समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. उन्होंने जनता से निरंतर संपर्क बनाए रखने और उनकी समस्याओं को उचित माध्यम से सरकार तक पहुंचाने पर भी जोर दिया.
पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी पर जोर
पर्यावरण मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्थानीय स्तर पर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की अपील की.
मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिलीप सिंह, सीमा कुशवाहा, नगर महामंत्री प्रशांत वर्मा, राजकुमार पौद्दार समेत भाजपा और एनडीए के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे.
कार्यकर्ताओं ने मंत्री के साथ संवाद को सकारात्मक और उत्साहवर्धक बताया. उन्होंने कहा कि इस तरह के संवाद से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आती है और क्षेत्रीय समस्याओं को सरकार के समक्ष रखने का अवसर मिलता है.
