Sawan First Somwari : सोमवार की अहले सुबह से ही जिले के विभिन्न शिवालयों में शिवभक्तों का पहुंचना शुरू हो गया. मंदिर परिसर 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंज उठा. श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की. बड़ी संख्या में महिलाओं ने सोमवारी व्रत रखकर शिवलिंग पर जल अर्पित किया, जबकि युवतियों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला.
बाबा तिल्हेश्वरनाथ महादेव मंदिर में उमड़ी आस्था
सदर प्रखंड के सुखपुर गांव स्थित ऐतिहासिक बाबा तिल्हेश्वरनाथ महादेव मंदिर में सुबह पट खुलते ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई. मुख्य पुजारियों ने विधिवत जलाभिषेक और विशेष पूजा के साथ मंदिर के पट खोले, जिसके बाद दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे.
सुरक्षा और सुविधाओं के रहे विशेष इंतजाम
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे. पुलिस बल की तैनाती के साथ मंदिर समिति के सदस्य भी व्यवस्था संभालते नजर आए. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूजा सामग्री, मिठाई, कचौरी और खिलौनों की अस्थायी दुकानें भी सजाई गई थीं, जिससे पूरे परिसर में मेले जैसा माहौल दिखाई दिया.
कपिलेश्वर स्थान में भी दिनभर लगी रही कतार
गढ़ बरूआरी स्थित बाबा कपिलेश्वर स्थान में भी सावन की पहली सोमवारी पर भारी भीड़ रही. श्रद्धालुओं ने पहले हरिद्रा नदी में स्नान कर पवित्र जल भरा और फिर मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया. श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर परिसर में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी थी. जाम से बचने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई और वाहनों की पार्किंग मंदिर से दूर निर्धारित स्थान पर कराई गई.
श्रद्धा, अनुशासन और भक्ति का दिखा अद्भुत संगम
सावन की पहली सोमवारी पर जिले के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धा, अनुशासन और भक्ति का सुंदर संगम देखने को मिला. दिनभर पूजा-अर्चना, जलाभिषेक और शिवभक्ति का सिलसिला चलता रहा. प्रशासन और मंदिर समितियों के बेहतर प्रबंधन से श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण वातावरण में भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और पूरे जिले में धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा.
