-सर्वदलीय संघर्ष समिति ने शुरू की भूख हड़ताल वीरपुर. वीरपुर को रेल हेड से जोड़ने की मांग को लेकर सर्वदलीय संघर्ष समिति ने अपने आंदोलन को तेज कर दिया है. समिति के सदस्यों ने बुधवार को वीरपुर के गोल चौक पर प्रदर्शन करते हुए भूख हड़ताल शुरू की और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की. समिति के सचिव एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष श्रीलाल गोठिया ने कहा कि वीरपुर की जनता खुद को देश के नक्शे से बाहर महसूस कर रही है. उन्होंने कहा हमारी प्राथमिक मांग है कि वीरपुर को अविलंब रेल हेड से जोड़ा जाए. यदि हमारी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और उग्र होगा. श्री गोठिया ने बताया कि यह आंदोलन वर्ष 2010 से निरंतर जारी है. उन्होंने कहा कि पहले भी एक माह तक आंदोलन करने पर कोसी अस्पताल को अनुमंडलीय अस्पताल का दर्जा मिला था और निबंधन कार्यालय की भी सौगात मिली है. इसी प्रकार, जब तक वीरपुर को रेल नहीं मिलती, आंदोलन जारी रहेगा. वहीं, समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्य पार्षद मोहन प्रसाद रस्तोगी ने कहा कि सरकार ने वीरपुर की जनता को लगातार ठगा है. उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय सांसद ने 2024 के चुनाव से पहले रेल लाने का वादा किया था, लेकिन अब रेल को त्रिवेणीगंज-जदिया मार्ग से ले जाया जा रहा है, जिससे वीरपुर की जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है. श्री रस्तोगी ने कहा आजादी से पहले इस क्षेत्र में रेल सेवा थी, लेकिन आजादी के बाद हम इससे वंचित हो गए. अब समय आ गया है कि सरकार हमारी आवाज सुने और वीरपुर को रेल हेड से जोड़े. प्रदर्शन के दौरान लोगों ने रेल नहीं तो वोट नहीं के नारे लगाए. भूख हड़ताल पर बैठे प्रमुख लोगों में गोपी कृष्ण लालू, जयशंकर आज़ाद, धीरज रंजन, मो अंसार, बेचन पासवान, गिरीश गुप्ता, ईशान गुप्ता, मंगली सादा और किसुन अरगरिया समेत दर्जनों लोग शामिल रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
