संदेहास्पद स्थिति में स्टेज सिंगर महिला की मौत, जांच में जुटी पुलिस

गोसपुर गांव निवासी जितेन्द्र कुमार ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है.

जदिया थाना क्षेत्र के जदिया पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 05 में 23 वर्षीय एक स्टेज सिंगर महिला की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गयी. घटना बुधवार के सुबह की है. घटना की जानकारी मिलते ही मृतका चांदनी देवी के इकलौते भाई करजाइन थाना क्षेत्र के गोसपुर गांव निवासी जितेन्द्र कुमार ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है. जबकि ससुराल वाले लंबे दिनों से बीमार रहने और बुधवार की सुबह अचानक मौत हो जाने की बात कह रहे हैं. सूचना मिलने पर पुलिस वहां पहुंचकर मामले की पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया. जानकारी अनुसार मृतका चांदनी स्टेज सिंगर का काम करती थी और उसका पति रंजीत झा विडियो ग्राफर का काम करते थे. विभिन्न स्टेज प्रोग्राम के दौरान ही दोनों में प्रेम बढ़ा और दो साल पहले वर्ष 2023 में रंजीत झा से लव मैरिज कर अपने ससुराल में रहने लगी थी. 18 जुलाई को डिलीवरी में जुड़वा दो बहनों ने जन्म लिया था, जिसमें एक की मौत हो गई और दूसरी आराध्या को शायद यह नहीं पता है कि जिंदगी भर के लिए मां का साया हट चुका है. मृतका के ससुर विजय झा ने बताया कि डिलीवरी के वक्त से ही वह बीमार चल रही थी. बुधवार की सुबह जैसे ही पेट दर्द के साथ तबीयत बिगड़ी तो बाहर ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उसने दम तोड़ दिया. इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन ने बताया कि पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया है. फिलहाल आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद परिजन हुए भावुक चांदनी की मौत के बाद ससुराल में गम का माहौल पसरा हुआ है. सास ममता देवी का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है. आस-पास के लोग भी भावुक नजर आये. मृतका चांदनी चार भाई बहनों में सबसे छोटी थी. लव मैरिज के बाद वह अपने ससुराल में ही रह रही थी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >