पेड़ से लटका मिला अधेड़ व्यक्ति का शव

पुलिस व एफएसएल टीम जांच में जुटी

– परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस व एफएसएल टीम जांच में जुटी सुपौल. सदर थाना क्षेत्र के परसरमा परसौनी पंचायत वार्ड संख्या 13 स्थित एक बगीचे में बुधवार को एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत सदर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई. साथ ही एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी घटना स्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र करने में लग गई. घटना की खबर फैलते ही बगीचे में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. इसी दौरान मौजूद कुछ ग्रामीणों ने शव की पहचान कर इसकी सूचना परिजनों को दी. मृतक की पहचान परसरमा परसौनी पंचायत वार्ड संख्या 11 निवासी स्व देवनन्दन सिंह के 52 वर्षीय पुत्र विजेन्द्र प्रसाद सिंह के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी ज्योति देविका का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने बताया कि वह पेशे से ड्राइवर था. एक निजी टैक्सी कंपनी में कार्यरत था. हालांकि पिछले करीब 15 दिनों से उसने काम बंद कर दिया था. मंगलवार की दोपहर करीब तीन बजे उसे किसी का फोन आया, जिसके बाद वह परसरमा बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला. बुधवार दोपहर करीब 12:45 बजे एक ग्रामीण ने फोन कर परिजनों को सूचना दी कि उनके परिजन का शव पेड़ से लटका हुआ है. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां पुलिस पहले से मौजूद थी. परिजनों ने घटना को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है. उनका कहना है कि विजेन्द्र की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है. मृतक अपने पीछे पत्नी और 22 वर्षीय एकलौता पुत्र अमन कुमार को छोड़ गया है. सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajeev kumar jha

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >