भैंस को नदी में नहलाने गए पशुपालक की डूबने से मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सुपौल के बलियास पट्टी में भैंस को नहलाने के दौरान खैरदहा नदी में डूबने से 42 वर्षीय पशुपालक दशरथ यादव की मौत हो गई. घटना के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है, जबकि ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है.

सुपौल से रोशन सिंह की रिपोर्ट.

सुपौल. सदर थाना क्षेत्र के परसरमा-परसौनी पंचायत अंतर्गत बलियास पट्टी वार्ड संख्या-09 में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 42 वर्षीय पशुपालक दशरथ यादव की नदी में डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

भैंस को नहलाने के दौरान हुआ हादसा

मृतक की पहचान बलियास पट्टी वार्ड संख्या-09 निवासी दशरथ यादव (42), पिता स्वर्गीय जागो यादव के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, दशरथ यादव पशुपालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. सोमवार को वह अपनी भैंस को नहलाने के लिए घर के समीप स्थित खैरदहा नदी गए थे.

बताया जाता है कि नहलाने के दौरान भैंस गहरे पानी में चली गई और उसकी रस्सी दशरथ यादव के हाथ से छूट गई. भैंस को संभालने के प्रयास में वह स्वयं भी गहरे पानी में चले गए और डूब गए.

तलाश के दौरान नदी से मिला शव

करीब एक घंटे तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई. परिवार के सदस्य उनकी तलाश करते हुए नदी किनारे पहुंचे. वहां देखा कि भैंस नदी के दूसरे किनारे खेत में चर रही थी, लेकिन दशरथ यादव का कहीं पता नहीं था. इसके बाद ग्रामीणों की मदद से खोजबीन शुरू की गई. काफी प्रयास के बाद उनका शव नदी से बरामद किया गया.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना डायल-112 पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है.

परिवार के सामने गहराया आर्थिक संकट

दशरथ यादव अपने पीछे दो पुत्र, चार पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. परिजनों के अनुसार, वे परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे. उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और आर्थिक संकट भी गहरा गया है.

मुआवजे की मांग

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के आश्रितों को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए प्रशासन को शीघ्र राहत उपलब्ध करानी चाहिए.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >