81 हजार से अधिक पेंशनधारियों पर संकट
01 मई से लगेगा जीवन प्रमाणीकरण शिविर
– 01 मई से लगेगा जीवन प्रमाणीकरण शिविर, नहीं कराया तो रुकेगी पेंशन
सुपौल. जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों के लिए अहम सूचना जारी की गई है. जिला प्रशासन के अनुसार वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन एवं निःशक्तजन पेंशन योजनाओं के अंतर्गत जिले में कुल 3,06,151 लाभुक हैं. इनमें से 2,24,312 लाभुकों ने अपना जीवन प्रमाणीकरण करा लिया है, जबकि अभी भी 81,829 लाभुक ऐसे हैं जिन्होंने यह अनिवार्य प्रक्रिया पूरी नहीं की है.
01 मई से पंचायत स्तर पर लगेंगे शिविर
जिला प्रशासन ने सभी पेंशनधारियों से अपील की है कि वे 01 मई 2026 से शुरू होने वाले पंचायत स्तर के जीवन-प्रमाणीकरण शिविरों में पहुंचकर अपना प्रमाणीकरण अवश्य कराएं. यह प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन लाभुकों द्वारा जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराया जाएगा, उनकी पेंशन राशि का भुगतान रोक दिया जाएगा. जीवन प्रमाणीकरण से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए लाभुक जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 0673-6473-224005 पर संपर्क कर सकते हैं.