– मिनटों का सफर घंटों में हो रहा तय, आमजन परेशान त्रिवेणीगंज. नगर परिषद क्षेत्र के त्रिवेणीगंज बाजार में इन दिनों अतिक्रमण और भीषण जाम की समस्या से कराह रहा है. शहर की मुख्य मार्ग एनएच – 327ई से लेकर सब्जी मंडी, मेला ग्राउंड, दुर्गा मंदिर से पंचमुखी चौक जाने वाली सड़क तक हर ओर अवैध कब्जों ने शहर की सूरत बिगाड़ दी है. चौक-चौराहों पर सड़कें सिकुड़ गई है. आम लोगों के लिए पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है. शहर में अतिक्रमण अब केवल समस्या नहीं, बल्कि एक “स्थायी बीमारी” बन चुकी है. ठेले, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों द्वारा सड़क किनारे मनमाने ढंग से वाहन खड़ा करना और दुकानदारों द्वारा नालों व सड़कों पर दुकानें सजाना जाम का मुख्य कारण बन गया है. नतीजा यह है कि मिनटों का सफर घंटों में तय हो रहा है. प्रशासनिक स्तर पर कई बार प्रयास जरूर किया गया है. अनुमंडल प्रशासन द्वारा ई-रिक्शा और ऑटो के लिए पार्किंग स्थल चिन्हित करने, लोडिंग-अनलोडिंग पर समयबद्ध रोक लगाने और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए. लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि इन आदेशों का पालन नहीं हो पा रहा है. संबंधित अधिकारियों की उदासीनता के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है. हालांकि बीच-बीच में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर प्रशासन ने सख्ती भी दिखाई. बुलडोजर चलाकर कई अस्थायी दुकानों को हटाया गया. लेकिन यह कार्रवाई भी सवालों के घेरे में है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि गरीब और कमजोर दुकानदारों पर ही कार्रवाई होती है, जबकि स्थायी और रसूखदार अतिक्रमणकारियों को नजरअंदाज कर दिया जाता है. यही वजह है कि अभियान खत्म होते ही सड़कें फिर से अतिक्रमणकारियों की चपेट में आ जाती है. दोपहर के बाद लगभग हर घंटे एनएच-327ई पर वाहनों की लगती है लंबी कतार जाम की स्थिति इतनी भयावह है कि दोपहर के बाद लगभग हर घंटे एनएच-327ई पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है. ई-रिक्शा चालकों द्वारा सड़कों पर ही सवारी बैठाना-उतारना और लोगों द्वारा बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा करना समस्या को और गंभीर बना रहा है. कुछ दिन पहले इस गंभीर स्थिति से परेशान होकर स्थानीय व्यापारियों ने भी मोर्चा खोल दिया है. वहीं व्यापार संघ के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर अतिक्रमण हटाने, पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था में सुधार की मांग की है. व्यापारियों का कहना है कि जाम के कारण बाजार की साख प्रभावित हो रही है और ग्राहक आने से कतराने लगे हैं. इधर, प्रशासन ने भी समस्या की गंभीरता को देखते हुए बैठक कर नई रणनीति बनाने की बात कही है. जल्द ही नया यातायात रूट प्लान लागू करने और पार्किंग के लिए जमीन चिन्हित करने का आश्वासन दिया गया है. लेकिन सवाल यही है कि क्या इस बार भी यह योजना कागजों तक सीमित रह जाएगी या वाकई जमीन पर बदलाव दिखेगा. फिलहाल, त्रिवेणीगंज की जनता को राहत नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई का इंतजार है. कहते हैं अधिकारी अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि जल्द ही जाम की समस्या को लेकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी.
अतिक्रमण व जाम से की समस्या से जूझ रहा त्रिवेणीगंज बाजार
दोपहर के बाद लगभग हर घंटे एनएच-327ई पर वाहनों की लगती है लंबी कतार
