Har Ghar Tiranga 2026 : राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को समाहरणालय, सुपौल से राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ का शुभारंभ किया गया. अभियान का नेतृत्व जिलाधिकारी सावन कुमार और उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने किया. शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान समाहरणालय परिसर में तिरंगा प्रदर्शनी, ‘सेल्फी विथ तिरंगा’, तिरंगा रंगोली और वंदे मातरम् गीत सहित कई गतिविधियां आयोजित की गयीं. कार्यक्रम में अधिकारियों, विद्यार्थियों, जीविका दीदियों, स्काउट एवं गाइड सदस्यों तथा आम लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
तिरंगे के साथ दिखा देशभक्ति का उत्साह
अभियान के शुभारंभ के दौरान समाहरणालय परिसर में तिरंगे के साथ लोगों की सहभागिता देखते ही बनी. ‘सेल्फी विथ तिरंगा’ गतिविधि में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति का संदेश दिया.
तिरंगा प्रदर्शनी और रंगोली ने भी कार्यक्रम को आकर्षक बनाया. वंदे मातरम् गीत के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के माहौल में डूबा नजर आया.
हर घर तिरंगा फहराने का लिया संकल्प
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने प्रत्येक घर में तिरंगा फहराने और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया. अधिकारियों ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल राष्ट्रध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और नागरिकों की भागीदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर है.
जिलाधिकारी सावन कुमार और उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने आमजनों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की.
विद्यार्थी और जीविका दीदियां भी बनीं अभियान का हिस्सा
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, जीविका दीदियों, भारत स्काउट एवं गाइड के सदस्यों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने हिस्सा लिया. आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के विद्यार्थियों और निशा डांस स्टूडियो के बच्चों की मौजूदगी ने कार्यक्रम में विशेष उत्साह भरा.
अधिकारियों और प्रतिभागियों ने राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया.
समाहरणालय परिसर हुआ देशभक्ति से सराबोर
कार्यक्रम के दौरान समाहरणालय परिसर में जगह-जगह तिरंगा नजर आया. देशभक्ति गीतों और विभिन्न गतिविधियों के बीच लोगों में खासा उत्साह दिखा. अधिकारियों ने कहा कि अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक परिवार इससे जुड़ सकें.
इस अवसर पर वरीय उप समाहर्ता पुष्पा कुमारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी तारकेश्वर पटेल, जिला संगठन आयुक्त भारत स्काउट एवं गाइड संजय कुमार झा सहित स्काउट एवं गाइड सदस्य, जीविका दीदियां, विद्यार्थी और आमजन मौजूद रहे.
