समृद्धि यात्रा : सीएम करेंगे 569 करोड़ की 213 योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन

समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण के दौरान मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जिले के निर्मली अनुमंडल पहुंचेंगे.

सुपौल. समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण के दौरान मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जिले के निर्मली अनुमंडल पहुंचेंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री जिले को विकास की बड़ी सौगात देते हुए कुल 213 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. इन योजनाओं की कुल लागत लगभग 56936.77 लाख रुपये (करीब 569 करोड़ रुपये) है. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री 43446.90 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 84 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे. जबकि 13489.87 लाख रुपये की लागत से तैयार 129 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे. इन योजनाओं में भवन निर्माण, पथ निर्माण, ग्रामीण कार्य, सिंचाई, तटबंध, जल निस्सरण, शैक्षणिक आधारभूत संरचना, नगर परिषद और नगर पंचायत से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल है. इससे जिले में सड़क, भवन, सिंचाई और शहरी विकास से संबंधित बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी. सबसे अधिक योजनाएं ग्रामीण कार्य विभाग के कार्य प्रमंडल सुपौल, वीरपुर और त्रिवेणीगंज से जुड़ी है. जिनमें दर्जनों सड़कों और पुल-पुलियों का निर्माण शामिल है. इसके अलावा पथ निर्माण विभाग, भवन प्रमंडल, बुडको, बिहार शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निर्माण लिमिटेड, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, सिंचाई विभाग तथा नगर परिषद सुपौल और नगर पंचायत वीरपुर की योजनाएं भी शामिल है. साथ ही पश्चिमी तटबंध प्रमंडल निर्मली और जल निस्सरण प्रमंडल राघोपुर की परियोजनाएं बाढ़ नियंत्रण और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करेंगी. कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कृषि फार्म मैदान परिसर में अलग-अलग पंडाल बनाए गए हैं. विभिन्न विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए स्टॉल लगाने हेतु एक अलग पंडाल तैयार किया गया है. जहां आगंतुकों और आम लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी. इसके अलावा अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक के लिए अलग से मीटिंग हॉल बनाया गया है. जहां आवश्यक चर्चाएं और समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी. आम जनता को संबोधित करने के लिए एक बड़ा सभा स्थल भी तैयार किया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के बैठने की व्यवस्था की गयी है. प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं. पुलिस बल के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं. यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए भी विशेष योजना तैयार की गयी है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >