छातापुर (सुपौल). प्रखंड क्षेत्र के उच्च माध्यमिक विद्यालय कटही में बिहार विशिष्ट अध्यापक प्रधान शिक्षक संघ की बैठक आयोजित की गयी. संघ के प्रखंड सचिव बिनोद कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में शिक्षकों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गयी. बैठक में संघ के प्रदेश महासचिव पंकज कुमार सिंह ने शिक्षकों की लंबित मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने की आवश्यकता जतायी.
सातवें वेतन आयोग के अनुरूप पूर्ण वेतनमान की मांग
प्रदेश महासचिव पंकज कुमार सिंह ने कहा कि राज्य सरकार को शिक्षकों को सातवें वेतन आयोग के अनुरूप पूर्ण वेतनमान और उससे जुड़े सभी अनुमन्य लाभ देना चाहिए. उन्होंने कहा कि शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव हैं.
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा दिए जाने के बाद अब वेतन और सेवा सुविधाओं में भी न्यायसंगत व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है. सातवें वेतन आयोग के अनुरूप पूर्ण वेतनमान शिक्षकों के सम्मान और अधिकार से जुड़ा विषय है. सरकार को इस दिशा में जल्द सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए.
लंबित प्रोन्नति को लेकर जतायी नाराजगी
प्रदेश महासचिव ने नियोजित शिक्षक, विशिष्ट शिक्षक और विद्यालय अध्यापकों की अब तक लंबित प्रोन्नति पर भी नाराजगी जतायी. उन्होंने कहा कि लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों को प्रोन्नति का लाभ नहीं मिलना निराशाजनक है.
उन्होंने कहा कि प्रोन्नति शिक्षकों के सेवाकाल, मनोबल और कैरियर से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है. इसलिए नियोजित, विशिष्ट और विद्यालय अध्यापकों की लंबित प्रोन्नति प्रक्रिया को अविलंब पूरा कर उन्हें जल्द इसका लाभ दिया जाना चाहिए.
तकनीकी और प्रशासनिक बाधाएं दूर करने की मांग
पंकज कुमार सिंह ने कहा कि प्रोन्नति से संबंधित सभी तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं को दूर कर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाने चाहिए. इससे शिक्षकों को प्रोन्नति की प्रक्रिया को लेकर बनी असमंजस की स्थिति से राहत मिलेगी.
उन्होंने कहा कि सरकार यदि शिक्षकों के साथ संवाद कर सकारात्मक पहल के माध्यम से लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करती है तो इससे शिक्षकों का मनोबल बढ़ेगा और राज्य की शिक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी.
शिक्षक हित के मुद्दों पर एकजुट रहने का संकल्प
बैठक में मौजूद शिक्षकों ने सातवें वेतनमान, लंबित प्रोन्नति और अन्य शिक्षक हित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने का संकल्प लिया. शिक्षकों ने सरकार से लंबित मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की.
ये शिक्षक रहे मौजूद
बैठक में शैलेन्द्र सिंह, सुबोध यादव, पंकज मंडल, चन्द्रेश्वर ततमा, रोशन कुमार, शाहिद, पप्पू कुमार, पूजा कुमारी, मोनू कुमार, तारकेश्वर सिंह, शिवशंकर मिश्र, दिवाकर, अमित समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे.
