बैंक ने सिखाए साइबर सुरक्षा व वित्तीय योजनाओं के गुर

बैंक खाता को सक्रिय रखने के लिए री-केवाईसी की आवश्यकता और प्रक्रिया की जानकारी भी साझा की गई

सरायगढ़. प्रखंड के भपटियाही बाजार स्थित कोसी निरीक्षण भवन के समीप शुक्रवार को बिहार ग्रामीण बैंक भपटियाही शाखा द्वारा वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम लोगों को बैंकिंग, सरकारी योजनाओं और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया. कार्यक्रम में कलाकारों ने रोचक और प्रभावी प्रस्तुति के जरिए लोगों को साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए. नाटक के माध्यम से ओटीपी स्कैम, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी व्हाट्सएप लिंक और अन्य ऑनलाइन ठगी के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, जिससे लोग सतर्क रह सकें. इसके साथ ही केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया. बैंक खाता को सक्रिय रखने के लिए री-केवाईसी की आवश्यकता और प्रक्रिया की जानकारी भी साझा की गई. कार्यक्रम में बैंक के शाखा प्रबंधक अर्पण कुमार, एफएलसी सुपौल के शाखा प्रबंधक विशाल गौरव, नुक्कड़ नाटक टीम के लीडर पवन पुरवैया तथा कलाकार जितेंद्र जेकर, संदीप कुमार, शत्रुघन राम और बेबी कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे. नुक्कड़ नाटक के जरिए दी गई यह जानकारी लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित हुई और उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >