निर्मली. हरि प्रसाद साह महाविद्यालय में शुक्रवार को “बेसिक्स ऑफ साइबर हाइजीन इन हायर एजुकेशन इंस्टिट्यूशन” विषय पर एक महत्वपूर्ण सेमिनार का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य प्रो (डॉ) उपेंद्र पंडित ने की, जिसमें विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया. अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रो पंडित ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर क्राइम एक गंभीर और तेजी से बढ़ती समस्या बन चुकी है, जिससे लगभग हर वर्ग प्रभावित हो रहा है. ऐसे में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा की बुनियादी जानकारी देना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे ऑनलाइन ठगी और अन्य खतरों से खुद को सुरक्षित रख सकें. सेमिनार का आयोजन महाविद्यालय के गणित विभाग द्वारा किया गया. इस दौरान गणित विभाग के प्रोफेसर डॉ बबलू अधिकारी ने साइबर हाइजीन पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि टू-स्टेप वेरिफिकेशन का उपयोग करना आज के दौर में बेहद जरूरी है, जो किसी भी यूजर के डेटा को सुरक्षित रखने का प्रभावी तरीका है. मुख्य अतिथि डॉ कृष्णा चौधरी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि मोबाइल पर आने वाले संदिग्ध मैसेज और लिंक से दूर रहना चाहिए. उन्होंने यह भी सलाह दी कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन प्रलोभन या लालच में आकर जल्दबाजी में निर्णय न लें, बल्कि सतर्कता और संयम बनाए रखें. साइबर एक्सपर्ट ऋषि झा ने भी अपने विचार रखते हुए छात्रों को साइबर अपराध से बचाव के विभिन्न व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जागरूकता और सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है. कार्यक्रम की शुरुआत में तौकीर हाशमी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उपेंद्र कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया. इस अवसर पर महाविद्यालय के कई शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे, जिनमें डॉ इंद्रदेव सिंह यादव, डॉ अतुलेश्वर झा, डॉ शंकर मिश्रा, डॉ संतोष कुमार सिंह, गंगेश गुंजन, डॉ सुरेश कुमार निराला, डॉ शाहिद इकबाल, डॉ अर्पणा कुमारी, डॉ आभा झा, डॉ चंदन चौधरी और डॉ राहुल कुमार प्रमुख रूप से शामिल थे.
साइबर हाइजीन पर सेमिनार का आयोजित, डिजिटल सुरक्षा पर जोर
सेमिनार का आयोजन महाविद्यालय के गणित विभाग द्वारा किया गया
