तस्करी निरोध व सीमा प्रबंधन को मिलेगी नई मजबूती

कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में फारबिसगंज के कस्टम सुपरिटेंडेंट मुकेश कुमार भारद्वाज उपस्थित रहे

– एसएसबी 45वीं बटालियन में सीमा शुल्क अधिनियम पर कार्यशाला वीरपुर. सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 45वीं बटालियन मुख्यालय में गुरुवार को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 पर आधारित एक दिवसीय कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया. यह कार्यशाला बटालियन के कमांडेंट गौरव सिंह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में व उप कमांडेंट सुमन सौरभ के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुई. कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में फारबिसगंज के कस्टम सुपरिटेंडेंट मुकेश कुमार भारद्वाज उपस्थित रहे. उन्होंने अधिकारियों एवं जवानों को सीमा शुल्क अधिनियम से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रावधानों की विस्तृत, व्यावहारिक एवं कानूनी जानकारी प्रदान की. प्रशिक्षण सत्र के दौरान उन्होंने अधिनियम के मुख्य उद्देश्य, संरचना, प्रमुख धाराएं, सीमा शुल्क के प्रकार तथा कस्टम अधिनियम के अंतर्गत यात्री नियमों पर विस्तार से प्रकाश डाला. कार्यशाला के दौरान सीमा क्षेत्रों में कार्यरत एसएसबी कार्मिकों की भूमिका को ध्यान में रखते हुए सीमा प्रबंधन, तस्करी निरोधक कार्रवाई और सीमा शुल्क से संबंधित कानूनी प्रक्रियाओं पर विशेष चर्चा की गई. वक्ता ने वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से यह बताया कि किस प्रकार सीमा शुल्क अधिनियम की सही समझ से अवैध तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण और कानूनी रूप से मजबूत कार्रवाई संभव हो सकती है. इस प्रशिक्षण के माध्यम से कार्मिकों को न केवल अपने दैनिक कर्तव्यों के निर्वहन में सहायता मिलेगी, बल्कि उन्हें कानूनी दृष्टि से अधिक सशक्त और जागरूक बनने का अवसर भी प्राप्त हुआ. कार्यशाला ने सीमा पर कार्यरत जवानों की कार्यकुशलता बढ़ाने के साथ-साथ कानून के दायरे में रहकर प्रभावी कार्रवाई करने की क्षमता को और मजबूत किया है. इस अवसर पर बटालियन के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवानों सहित कुल 75 कार्मिकों ने सक्रिय सहभागिता की. सभी प्रतिभागियों ने कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी बताते हुए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया. कार्यशाला के समापन पर बटालियन नेतृत्व द्वारा मुख्य वक्ता का आभार व्यक्त किया गया और उम्मीद जताई गई कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम सीमा सुरक्षा एवं तस्करी निरोधक प्रयासों को नई दिशा और मजबूती प्रदान करेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >