Alumni Mentorship Program : सुपौल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम-2026 के अंतर्गत आयोजित अलुमनाई इंटरेक्शन प्रोग्राम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों को कॉलेज के पूर्व छात्रों के अनुभवों से जोड़ना और उन्हें उच्च शिक्षा, कौशल विकास तथा करियर निर्माण के लिए प्रेरित करना था. कार्यक्रम का शुभारंभ फैकल्टी इंचार्ज प्रो. पम्मी कुमारी के स्वागत भाषण से हुआ. उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कार्यक्रम की उपयोगिता और इसके उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला.
पूर्व छात्रों ने साझा किए संघर्ष और सफलता के अनुभव
कार्यक्रम में कॉलेज के पूर्व छात्र विश्वजीत जैसवाल, कृष्णकांत, रविरंजन वर्मा, नवीन कुमार आलोक, पीयूष राज, राहुल कुमार, भूषण कुमार, शुभम दुबे, प्रियरंजन कुमार, अनुप कुमार, सार्थक रंजन और मुकेश कुमार महतो ने अपने छात्र जीवन की यादें, करियर की चुनौतियां और सफलता के अनुभव साझा किए. उन्होंने विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, नियमित अध्ययन करने, तकनीकी एवं व्यावहारिक कौशल विकसित करने तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी.
विशेषज्ञों ने बताए रोजगार और उद्योग जगत की जरूरतें
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में आदित्य विश्वविद्यालय की एचआर चेयर प्रोफेसर डॉ. के. शैलजा राव तथा एनआईटी अगरतला की सहायक प्राध्यापक डॉ. करुणा किरण ने रिसोर्स स्पीकर के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया. उन्होंने इंजीनियरिंग क्षेत्र में रोजगार के बदलते अवसरों, उद्योग जगत की अपेक्षाओं, व्यक्तित्व विकास, तकनीकी दक्षता और जीवनभर सीखते रहने की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी. विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को समय के साथ खुद को लगातार अपडेट रखने की सलाह भी दी.
नई ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के समापन पर प्रो. अजय आनंद एवं प्रो. विवेक कुमार ने सभी अतिथियों, पूर्व छात्रों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया. आयोजन को सफल बनाने में छात्र प्रतिनिधि तनिष राज, सत्यम कुमार, रवि राज और राहुल कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही. महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को न केवल प्रेरणा देते हैं, बल्कि उन्हें भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए भी तैयार करते हैं.
