सभी समस्याओं को किया गया सूचीबद्ध, थाना स्तर पर होगा समाधान -एसपी

लोगों ने सूखे नशे का बढ़ते प्रचलन पर जतायी चिंता

– लोगों ने सूखे नशे का बढ़ते प्रचलन पर जतायी चिंता छातापुर. राजेश्वरी थाना परिसर में शुक्रवार की शाम एसपी शरथ आरएस की अध्यक्षता में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जनसंवाद में उपस्थित थाना क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य व प्रबुद्धजनों ने कानून व्यवस्था, थाना पुलिस की कार्यप्रणाली तथा सूखे नशा के दिनोंदिन बढ़ते प्रचलन के संदर्भ में चर्चा की. वहीं जनहित में पुलिस की भूमिका पर आवश्यक सुझाव भी दिये गये. कार्यक्रम में त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर एस के पासवान, थानाध्यक्ष युगल किशोर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे. इस मौके पर एसपी ने कहा कि आप सबों द्वारा जो भी समस्या बताया गया है. उसे सूचीबद्ध कर लिया गया है. थाना स्तर से एक एक समस्याओं का समाधान करेंगे. उस दिशा में सार्थक पहल की जायेगी. इसी उद्देश्य से सभी थाना में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं. ताकि आमजनों और पुलिस के बीच समन्वय बेहतर हो और कानून का राज बनाये रखा जा सके. एसपी ने कहा कि सूखे नशा के प्रचलन को रोकने के लिए पुलिस के साथ सूचना साझा करना आवश्यक है. सूखे नशा के धंधे में संलिप्त कारोबारी की जानकारी गुप्त रूप से दें. ताकि ऐसे धंधेबाजों के विरुद्ध ससमय समुचित कार्रवाई की जा सके. बताया कि युवा व किशोर वर्ग को नशा से होने वाली बुराइयों से भी अवगत कराना आवश्यक है. कहा कि बीते दिनों क्षेत्र से मिले गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई में पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों सहित कारोबारियों को भी पकड़ा है. पुलिस इस दिशा में लगातार छापेमारी कर धंधेबाजों के विरुद्ध कार्रवाई कर रही है. एसडीपीओ ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए आमजनों को भी सजग होना पड़ेगा. बताया कि स्कूलों में बच्चों को सामाजिकता एवं नशे के दुष्परिणाम से अवगत करवाते हुए उन्हें जागरूक किया जाना चाहिए. क्षेत्र में हो रही गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना पुलिस तक जरूर पहुंचाएं. सूचना देने वालों का नाम गुप्त रखते हुए त्वरित कार्रवाई की जाएगी. जनसंवाद में अधिकांश लोगों ने इलाके में युवाओं के बीच शराब, स्मैक और सन्फिक्स आदि के बढ़ते चलन पर चिंता जाहिर की. इसके रोकथाम के लिए अनुरोध किया. कहा कि बढ़ते सूखे नशे के प्रचलन का दुष्परिणाम है कि क्षेत्र में लूटपाट व चोरी सहित अपराधिक गतिविधियां काफी बढ़ गई है. पूर्व प्रमुख धीरेन्द्र यादव ने कहा कि सूखा नशा का सेवन करने वाले बच्चों से समाज की कौन कहे उसके माता पिता भी परेशान हैं. नशे की चाहत में बच्चे अपराधिक गतिविधि में भी शामिल होने लगे हैं. कहा कि काफी अरसे बाद पुलिस और आम लोगों के बीच संवाद हो रहा है. मुखिया प्रतिनिधि प्रभु कुमार प्रेम ने कहा कि कुछ दिनों पूर्व तक क्षेत्र शराब का गढ़ बन चुका था. परंतु अब हालत काफी हद तक सुधार हुआ है. परंतु सूखा नशा बड़ी समस्या बन कर उभर गई है. उन्होंने कहा कि राजेश्वरी पूर्वी और चरनै पंचायत के मध्य स्थित चंपावती स्थान के समीप आए दिन लूटपाट की घटना को अंजाम दिया जाता है. वहीं अन्य लोगों ने ढोलपिटा हाट के समीप भी अपराधिक घटनाएं घटित होने की बात कही. पुलिस गश्ती नियमित रूप से करवाने का आग्रह किया. मौके पर धीरेन्द्र यादव, सुरेंद्र नारायण सरदार, कृष्ण मुरारी किशन, प्रभु कुमार प्रेम, नंदकिशोर यादव, दानालाल यादव, पूनम देवी, सुस्मित प्रशांत मुन्ना, कृष्णा राज, राजकुमार ठाकुर, प्रभात कुमार, मिथलेश कुमार, दिलीप यादव, सुनील यादव, जयप्रकाश यादव, कार्तिक कुमार, श्रवण कुमार यादव, पप्पू कुमार, संजीव मिश्रा, धीरेंद्र राम आदि मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >