लूटपाट के दौरान युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में फैली दहशत

बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने लूटपाट के दौरान एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी.

– परसरमा से मकान का छत ढलाई कर घर लौट रहा था मृतक – सड़क जाम कर लोगों ने किया प्रदर्शन, सूचना पर पहुंची डायल 112 गाड़ी को किया क्षतिग्रस्त – घटना स्थल का पुलिस अधीक्षक ने लिया जायजा सुपौल लौकहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरुआरी पंचायत के गंगापट्टी गांव में रविवार की देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी. जहां बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने लूटपाट के दौरान एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान परसरमा गांव निवासी मो जहांगीर (40) के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर अपने घर लौट रहे थे. जानकारी के अनुसार मो जहांगीर परसरमा गांव में मकान की छत ढलाई का काम कर 28 हजार रुपये लेकर वापस अपने घर गंगापट्टी वार्ड नंबर 14 लौट रहे थे. इसी दौरान गैस गोदाम के पास तीन बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और लूटपाट शुरू कर दी. जब जहांगीर ने विरोध किया तो अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी. जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही लौकहा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया गया. थानाध्यक्ष आलमगीर अंसारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है. आस-पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच भी की जा रही है. मौत की खबर सुनते ही परिजनों में मचा कोहराम परिजनों ने बताया कि मो जहांगीर ही परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे. उनके चार बेटे और एक बेटी हैं. उनकी मौत से पूरा परिवार सदमे में है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है. शव पहुंचते ही फूट पड़ा ग्रामीणों का आक्रोश पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने परसरमा-सिंहेश्वर मुख्य पथ को मोहनियां पेट्रोल पंप के समीप एवं गंगापट्टी में जाम कर दिया. जाम की सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम को मोहनियां पेट्रोल पंप के समीप ग्रामीणों के कोप का सामना करना पड़ा और उनकी गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल को मौके से पीछे हटना पड़ा. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक शैशव यादव ने घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझा कर जाम को समाप्त कराया. वहीं अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए. फिलहाल पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं. पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को घटना से संबंधित कोई जानकारी या संदिग्ध गतिविधि का आभास हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें. अपराधियों की जल्द होगी गिरफ्तारी, उपद्रवियों पर होगी कार्रवाई : एसपी पुलिस अधीक्षक शैशव यादव ने कहा कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा. घटना को लेकर टीम का गठन कर दिया गया है. वहीं उपद्रवियों के द्वारा पुलिस के डायल 112 वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया. जिन्हें चिह्नित कर उनके विरूद्ध कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >