मनरेगा योजना को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित, 33,600 पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित

प्रखंड क्षेत्र में कुल 33 हजार 600 पौधों का रोपण किया जाना है, जो कि सभी 14 पंचायतों में संपन्न होगा

वीरपुर बसंतपुर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित मनरेगा सभागार में प्रखंड क्षेत्र में मनरेगा योजना की प्रगति और आगामी कार्य योजनाओं को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता कार्यक्रम पदाधिकारी (पीओ) राजेश रमण ने की. इसमें कार्यालय कर्मियों के साथ-साथ सभी पंचायत रोजगार सेवक और अन्य कर्मी उपस्थित रहे. बैठक को संबोधित करते हुए पीओ श्री रमण ने बताया कि इस वर्ष भी प्रखंड क्षेत्र में कुल 33 हजार 600 पौधों का रोपण किया जाना है, जो कि सभी 14 पंचायतों में संपन्न होगा. इसके अंतर्गत प्रति पंचायत 12 यूनिट पौधारोपण का लक्ष्य तय किया गया है. रोपित किए जाने वाले पौधों में 15 हजार 120 महोगनी, 840 कटहल, 5040 जामुन, 1680 आम और 10,080 एकनेशिया किस्म के पौधे शामिल हैं. उन्होंने बताया कि पहले चरण में निजी भूमि पर पौधारोपण को प्राथमिकता दी जा रही है. श्री रमण ने बताया कि 15 जून से पौधारोपण कार्य की शुरुआत होगी, जिसे अगले दो महीनों के भीतर पूर्ण करना है. बैठक में गत बैठक की समीक्षा के साथ-साथ वर्तमान कार्यों की स्थिति का जायजा भी लिया गया. मनरेगा के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति पर भी चर्चा हुई. पीओ ने बताया कि मास्टर रोल में आधार लिंकिंग और जॉब कार्ड सत्यापन की प्रक्रिया आवश्यक रूप से पूरी की जानी है. खेलकूद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रखंड क्षेत्र में पूर्व से निर्धारित 16 खेल मैदानों में से 14 का कार्य पूरा कर लिया गया है. शेष दो पर कार्य युद्धस्तर पर जारी है और 15 मई तक पूरा कर लिए जाने की संभावना है. इस बैठक में लेखापाल आदित्य, पंचायत रोजगार सेवक महेन्द्र राम, दिलीप नयन, प्रवीण, चंद्रशेखर, दिनेश कुमार, विजय, राण, बीएफटी बलीउल्लाह सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >