सुपौल : सदर प्रखंड के बैरिया पंचायत स्थित वार्ड नंबर पांच डभारी गांव में शनिवार की दोपहर थ्रेसर से उठी चिंगारी ने आठ परिवार के 21 घर जला कर राख कर दिया. बाद में ग्रामीण व अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशकत के बाद आग पर काबू पाया. इस दौरान सदर एडीएम एनजी सीद्दीकी भी घटना स्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी प्राप्त की. उन्होंने पीड़ित परिवारों को उचित सहयोग का भरोसा दिलाया. जानकारी अनुसार शनिवार की दोपहर डभारी गांव निवासी श्री प्रसाद पासवान ट्रेक्टर थ्रेसर से गेहूं तैयार कर रहे थे. इसी दौरान थ्रेसर से चिंगारी निकली और गेहूं के भूसा को चपेट में ले लिया.
जब तक लोग संभल पाते तब तक आग गेहूं भूसा से बढ़ कर घर को भी अपनी चपेट में ले चुकी थी. इसके बाद पीड़ित ने शोर मचाना शुरू कर दिया और ग्रामीण आग पर काबू पाने के लिये प्रयास करने लगे. ग्रामीणों ने बताया कि इस दौरान घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को देने का प्रयास किया गया. लेकिन अग्निशमन विभाग मोबाइल रिसीव करना मुनासिब नहीं समझा. बाद में घटना की सूचना सदर एसडीएम व थाना को दी गयी. वही गांव के कुछ युवक बाइक से अग्निशमन कार्यालय पहुंचे. जिसके बाद एसडीएम व ग्रामीणों की पहल पर अग्निशमन कर्मी मौके पर पहुंचे. एसडीएम श्री सिद्दीकी स्वयं मौके पर पहुंचे तथा आग बुझने तक डटे रहे. इससे पूर्व उन्होंने अग्निशमन अधिकारियों को लापरवाही बरतने के लिए फटकार भी लगायी. अग्निकांड ने आठ परिवार के 21 घर सहित घर में रखा सारा सामान जल कर राख हो गया है. इस अग्निकांड में श्री प्रसाद के दो घर, रामदेव पासवान के चार घर, नूनूलाल पासवान का एक घर, रामकिशून सिंह के दो घर, जगत सुतिहार के पांच घर, सत्तन सिंह का एक घर व संतोष सुतिहार का दो घर जलने की सूचना है.
