SUPAUL : रैक प्वाइंट की जगह जल्द ही दूसरे प्लेटफॉर्म का होगा निर्माण : डीआरएम

पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने रविवार की शाम प्रतापगंज रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया.

प्रतापगंज (सुपौल) से सरोज कुमार महतो की रिपोर्ट :

पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने रविवार की शाम प्रतापगंज रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने करीब 25 मिनट तक स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म एवं रेलवे की जमीन का जायजा लिया तथा स्टेशन अधीक्षक चंद्रकिशोर को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. जानकारी के अनुसार, डीआरएम विशेष ट्रेन से अधिकारियों के साथ समस्तीपुर से पूर्णिया कोर्ट जाने के क्रम में अचानक प्रतापगंज रेलवे स्टेशन पहुंचे. डीआरएम के अचानक आगमन से स्टेशन कर्मियों में हड़कंप मच गया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं तथा रेलवे संपत्ति की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डीआरएम ने प्लेटफॉर्म पर यात्री शेड के साथ चार अतिरिक्त पंखे लगाने का निर्देश दिया. इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर शौचालय निर्माण कराने की बात भी कही. वहीं उखड़े हुए रैक प्वाइंट की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को उसे जल्द दुरुस्त करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान सरपंच मजीद साफी एवं रेलवे निगरानी सदस्य उमेश गांधी ने यात्रियों की सुविधा के लिए दूसरे प्लेटफॉर्म निर्माण की मांग उठाई. इस पर डीआरएम ने कहा कि रैक प्वाइंट की जगह जल्द ही दूसरे प्लेटफॉर्म का निर्माण कराया जाएगा. इसके लिए सर्वे एवं नापी का कार्य पूरा कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि वर्तमान रैक प्वाइंट को स्टेशन के उत्तर दिशा में स्थानांतरित किया जाएगा. इसके अलावा डीआरएम ने स्टेशन के बाहर रेलवे की जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाए गए दुकान एवं गुमटी को हटाने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >