सुपौल : जिले के किसनपुर प्रखंड के फुलकाहा गांव में सहभागिता आधारित भूजल प्रबंधन कार्यक्रम के तहत बाल शुचिता शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में जीवन शुचिता के लिये भूजल विज्ञान के साथ आरोग्यता और एकाग्रता के गुण विकास का शिक्षण बच्चों को दिया गया.
इसके अलावा बच्चों को आरोग्यता, एकाग्रता और प्रकृति के प्रति भावनात्मक विकास हेतु बाल योगपीठ की बाल प्रशिक्षिका दस वर्षीया पूजा द्वारा बालोपयोगी योगाभ्यास करवाया गया.
योगपीठ की स्थायी प्रशिक्षिका यशश्री ने कहा कि प्रत्येक रविवार को फुलकाहा में बाल शुचिता शिविर का आयोजन कर बच्चों के संपूर्ण विकास के साथ जल विज्ञान और प्रबंधन की शिक्षा दी जा रही है. अगले माह भूजल विज्ञान के क्षमतावर्धन को ध्यान में रखकर एक प्रतियोगिता आयोजन की पूर्व तैयारी की जा रही है. शिविर की अध्यक्षता प्रतिभा और संचालन पूनम ने किया. शिविर में वीणा देवी, केशव राज, चंद्रशेखर के अलावा वार्ड सदस्य विनोद कामत, रूपा कुमारी, लक्ष्मण मंडल, श्यामजी चौधरी, पार्वती देवी आदि ने भी भाग लिया.
