बलुआ बाजार : भीमपुर थाना क्षेत्र के जीवछपुर बाजार स्थित रामप्रसाद साह के घर में शॉट सर्किट से आग लग गयी, जहां गोदाम में रखा लगभग सौ क्विंटल पटसन, पच्चीस क्विंटल मक्का, पच्चीस क्विंटल चावल सहित अन्य खाद्यान्न जल गया. स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
मुखिया रमेश मुखिया ने स्थानीय प्रशासन व विभागीय अधिकारी को घटना को जानकारी दी, जहां सूचना पाकर स्थानीय भीमपुर पुलिस सदल-बल घटना स्थल पर पहुंच स्थानीय लोगों के साथ आग बुझाने का कार्य जारी रखा. वहीं घटना स्थल पर छातापुर बीडीओ परवेज आलम ने हालात का जायजा लेकर छातापुर तथा बलुआ थाना से अग्नि शामक दल को बुला कर आग बुझाने का कार्य प्रारंभ करवाया, लेकिन अग्नि शामक दल को भी काफी मशक्कत करना पड़ा.
आग की भयावहता देख बीडीओ ने एसडीओ , जिला पदाधिकारी को सूचित कर बडे अग्नि शामक वाहन भेजने का अनुरोध किया. जहां पदाधिकारियों ने घटना स्थल पर त्रिवेणीगंज व बीरपुर से अग्नि शामक वाहन को भिजवाया. जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका.
