हथियार के साथ आठ अपराधी गिरफ्तार, लूट-छिनतई व हथियार खरीद-बिक्री की थी तैयारी

तीन देसी हथियार, कारतूस, मोबाइल और नकदी बरामद

-गणपति मैरेज हॉल के पीछे पुलिस की छापेमारी में मिली सफलता – तीन देसी हथियार, कारतूस, मोबाइल और नकदी बरामद सुपौल. जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर सुपौल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने नगर परिषद क्षेत्र स्थित गणपति मैरेज हॉल के पीछे एक अर्धनिर्मित पक्के मकान में छापेमारी कर आठ अपराधियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से तीन देसी हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद की गई है. सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि रविवार की शाम सूचना मिली थी कि कुछ युवक गणपति मैरेज हॉल के पीछे अर्धनिर्मित मकान में हथियारों के साथ जुटे हुए हैं. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की. मौके से पहले चार युवकों फुलेन्द्र कुमार, बलराम कुमार, अभय कुमार और सुभाष कुमार को एक कट्टा, एक पिस्टल, जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल और 2500 रुपये नकदी के साथ गिरफ्तार किया गया. इनकी निशानदेही पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए अशोक कुमार, विक्रम यादव, रंजीत कुमार और राजकुमार मुखिया को भी गिरफ्तार किया. जिनके पास से एक और देशी पिस्टल तथा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ. पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अक्सर इस सुनसान अर्धनिर्मित मकान में बैठकर कॉरेक्स और स्मैक का सेवन करते थे व आसपास के क्षेत्रों में छिनतई, लूट और झपटमारी जैसी वारदातों को अंजाम देते थे. आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे हथियारों की खरीद-बिक्री के लिए यहां इकट्ठा हुए थे और इसी अवैध गतिविधि से पैसे कमाते थे. पुलिस ने इस मामले में सुपौल थाना कांड संख्या 329/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार कुछ आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है. इनमें राजकुमार मुखिया, अशोक कुमार, फुलेन्द्र कुमार और विक्रम यादव के खिलाफ पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं. इस कार्रवाई को सुपौल पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे शहर में अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >