बलुआ बाजार : बलुआ थाना अंतर्गत ललितग्राम ओपी क्षेत्र में बीते 10 सितंबर को एक महादलित किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास मामले के नामजद अभियुक्त को पुलिस ने अब तक गिरफ्तार नहीं किया है. पीड़िता के माता-पिता ने कहा कि घटना के तीन सप्ताह बीतने को है, लेकिन पुलिस अबतक एक मात्र नामजद अभियुक्त की गिरफ्तारी नहीं कर पायी है. गिरफ्तारी को लेकर पुलिस का ढुलमूल रवैया उनके कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर रहा है.
घटना के बाद भारी मशक्कत से पुलिस ने प्राथमिकी तो दर्ज कर लिया, लेकिन पीड़िता के वास्तविक उम्र को छिपाया गया है. चूंकि पुलिस के अनुसार ही आवेदन लिखा गया था. मामले में दर्ज थाना कांड संख्या 39/16 में एससी एसटी एक्ट सहित पोक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी. जिसमें भागवतपुर निवासी अनमोल यादव के पुत्र पंकज उर्फ पिंकु यादव को एक मात्र नामजद अभियुक्त बनाया गया है. इस संदर्भ में जब भी ओपी पुलिस से संपर्क किया जाता है तो वे खुद से ही पकड़ सौंपने की बात करते हैं.
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार बीते 10 सितंबर को गैड़ा धार के समीप घास काटने गयी 15 वर्षीया किशोरी के साथ जबरन दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया था. इस क्रम में पीड़िता द्वारा चीखने चिल्लाने पर आसपास मौजूद लोगों को आते देख आरोपित फरार हो गया. बलुआ थानाध्यक्ष सह तत्कालीन ओपी प्रभारी संदीप कुमार पाल ने बताया कि अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत हैं.
