तटबंध पर काम करते मजदूर.
नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलधार बारिश से कोसी नदी के जल स्तर में भारी वृद्धि हुई है.
वीरपुर/सुपौल : नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से कोशी नदी के जलस्तर में भारी वृद्धि हुई है. बुधवार को संध्या चार बजे कोसी नदी के बराज पर डिस्चार्ज 2 लाख 42 हजार 465 दर्ज किया गया जो बढ़ते क्रम में पाया गया. वहीं नदी के तेज बहाव से कोसी नदी के पूर्वी तटबंध और पूर्वी बहोत्थान बांध पर कई स्परो पर दबाब और कटाव तेज हो गया है. कोसी नदी के पूर्वी बहोत्थान बांध के 26.40 किलोमीटर और 27.10 किलोमीटर स्पर पर कटाव तेज है.
अभियंताओं की उड़ी नींद
पूर्वी तटबंध के पूर्व से चिन्हित 10 किलोमीटर स्पर पर मंगलवार से ही कटाव तेज होने की वजह से अभियंताओ की नींद उडी हुई है. इस बाबत पूर्वी तटबंध के 10 किलो मीटर पर जल संसाधन विभाग द्वारा कटाव निरोधी कार्य तेज कर दिया गया हैऔर युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है. कार्य स्थल पर मौजूद मुख्य अभियंता प्रकाश दास ने जानकारी देते हुए बताया कि सैकड़ो की संख्या में मजदूर दिन और रात कार्य कर रहे है. दर्जनों की संख्या में ट्रैक्टर द्वारा कार्य लिया जा रहा है साथ ही तीन एजेंसी कार्य कर रही है. जल्द ही कटाव पर नियंत्रण पाया जा सकेगा. जबकि कोसी नदी के कटाव और बहाव के सम्बंध में कुछ भी कहना नामुमकिन है. वही कार्यस्थल पर मौजूद अनुमंडल पदाधिकारी वीरपुर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पिछले दो दिनों से भारी बारिश की वजह से दबाव बढ़ा हुआ है, दर्जनों अभियंता लगातार काम कर रहे है मैन पॉवर व संसाधन की कोई कमी नहीं है.कार्य की निगरानी के लिए कार्यस्थल पर अंचलाधिकारी आशीष कुमार, बसंतपुर बीडीओ रचना भारतीया भी मौजूद थीं. साथ साथ कई अभियंता भी दिन और रात मुश्तैदी से कार्य कर रहे हैं.
मूसलधार बारिश से पानी-पानी हुआ शहर
मंगलवार की देर रात के बाद जम कर हुई बारिश की वजह से जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. बारिश की वजह से जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी जल जमाव की समस्या उत्पन्न हो गयी.
