त्रिवेणीगंज पुलिस ने पीड़िता बेचनी देवी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की
सुपौल : जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के महेशुवा गांव में डायन का आरोप लगाते हुए एक महिला को मैला पिलाने का मामला सामने आया है. इस मामले में त्रिवेणीगंज पुलिस ने पीड़िता बेचनी देवी के आवेदन पर थाना कांड संख्या 154/16 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया है.
पुलिस को दिये आवेदन में महेशुवा गांव निवासी राजेंद्र साह की पत्नी बेचनी देवी ने कहा है कि उसका पति मजदूरी के लिए बाहर गया हुआ है. गांव में वह अकेली रह रही है. पड़ोसी रंजीत साह लंबे समय से बीमार चल रहा है. जिसके बीमारी को डायन का प्रकोप मान कर रंजीत के परिजन बेचनी देवी पर डायन होने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज करते थे.
गत दिनों गांव के ही प्राइवेट स्कूल संचालक जवाहर यादव जो झाड़-फूंक का काम भी करते हैं, को बुला कर रंजीत के घर में पूजा-पाठ करवाया जा रहा था. अचानक रंजीत साह की पत्नी गुड़िया देवी, पड़ोसी पांचो साह, बुधियैर देवी और जवाहर यादव रात्रि करीब एक बजे बेचनी देवी के घर में आकर जबरन दरवाजा खुलवाने लगा. नहीं खोलने पर सभी लोगों ने दरवाजा तोड़ दिया और बेचनी देवी को पकड़ कर मैला पिलाने की कोशिश की गयी. इस दौरान हो हल्ला सुन कर जुटे ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद सभी आरोपी भाग गये. पीड़िता ने पुलिस से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की है.
