SUPAUL : हथियार के साथ गिरफ्तार युवक की बिगड़ी तबीयत, भर्ती
हथियार के साथ गिरफ्तार किए गए आठ युवकों में शामिल एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने उसे पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल में भर्ती कराया.
सुपौल से विकास कुमार की रिपोर्ट :
सुपौल सदर थाना पुलिस द्वारा हथियार के साथ गिरफ्तार किए गए आठ युवकों में शामिल एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ जाने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में पुलिस अभिरक्षा में युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल में भर्ती कराया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड में उसका उपचार जारी है. चिकित्सक ठाकुर प्रसाद के अनुसार युवक में सुखा नशा सेवन के लक्षण पाए गए हैं और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. बीमार युवक की पहचान नगर परिषद वार्ड नंबर 7 निवासी गणपत मंडल के 23 वर्षीय पुत्र अभय कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार सदर थाना पुलिस ने बीते दिन शहर के गणपति मैरिज हॉल के पीछे स्थित एक अर्धनिर्मित मकान में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की थी. पुलिस को सूचना मिली थी कि वहां कुछ युवक हथियार के साथ जमा होकर आपराधिक गतिविधियों की योजना बना रहे हैं. छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा के साथ चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस द्वारा गिरफ्तार युवकों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर आगे कार्रवाई करते हुए चार अन्य युवकों को भी गिरफ्तार किया गया. इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल दो पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, 2500 रुपये नकद तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए. सभी गिरफ्तार युवकों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई. इसी दौरान गिरफ्तार युवक अभय कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई. युवक की हालत खराब होते देख पुलिस कर्मियों ने तत्काल उसे सदर अस्पताल सुपौल पहुंचाया. अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की टीम ने उसका इलाज शुरू किया. ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. ठाकुर प्रसाद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर में सुखा नशा सेवन के संकेत दिखाई दे रहे हैं. हालांकि उसकी स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और लगातार मेडिकल निगरानी रखी जा रही है. घटना के बाद सदर अस्पताल परिसर में भी लोगों की भीड़ जुट गई. वहीं पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. सदर थाना पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार युवकों के आपराधिक रिकॉर्ड और हथियारों के स्रोत की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए थे और इन युवकों का किसी आपराधिक गिरोह से संबंध है या नहीं.