सुपौल : जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि कोसी बराज पर किसी प्रकार का खतरा नहीं है.बराज के संबंध में बेवजह अफवाह फैलायी जा रही है.सरकार के निर्देश पर बराज के सभी फाटकों का नित दिन निरीक्षण किया जा रहा है.वहीं बराज के मेंटेनेंश में भी पूरी तत्परता बरती जा रही है
बावजूद कुछ लोगों द्वारा बराज को लेकर दुस्प्रचार किया जा रहा है.जिसका हकीकत से कोई नाता नहीं है.मंत्री श्री सिंह ने सुरक्षा गाइड बांध के संबंध में कहा कि विगत तीन वर्षों से उक्त सुरक्षा बांध पर खतरा बना हुआ है.इस दौरान समीक्षात्मक बैठक कर कई बार एनएचएआइ को निर्देश दिया गया.लेकिन वे अब तक लापरवाह बने हुए हैं.कहा कि एनएच 57 इस्ट वेस्ट कॉरीडोर को जोड़ता है.उत्तरी बिहार का यह लाइफ लाइन बना हुआ है.
ऐसी स्थिति में सुरक्षात्मक कार्य में लापरवाही बरता जाना चिंता का विषय है.उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस बात को गंभीरता से ले रही है.क्योंकि इस महत्वपूर्ण कार्य की अनदेखी के प्रति राज्य सरकार मूक दर्शक बन कर नहीं रह सकती.कहा कि निरोधात्मक कार्य में भारी अनियमितता बरती जा रही है
.सही बोल्डर का इस्तेमाल नहीं हो रहा है.निरीक्षण में पाया गया कि जीआइ कैरेट सील नहीं था जो लापरवाही का सूचक है.एनएचएआइ की कारगुजारी के कारण सुरक्षा गाइड बांध भगवान भरोसे है.उन्होंने कार्य एजेंसी को चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य सरकार कोसी वासियों के जीवन के साथ खिलवाड़ को कभी सहन नहीं करेगी.दोषी एजेंसी व अभियंताओं के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.कोसी में सिल्ट की समस्या पर बोलते हुए मंत्री श्री सिंह ने कहा कि यह समस्या पहाड़ से आने वाली गाद की वजह से होती है.गंगा नदी में भी यह समस्या बढ़ रही है.कहा कि केंद्र सरकार से इस संबंध में वार्तालाप चल रहा है.शीघ्र ही सिल्ट की समस्या से लोगों को निजात दिलाया जायेगा.
