कोसी व उसकी सहायक नदियां के जलस्तर में वृद्धि होने से जर्जर स्लुइस गेट से पानी रिस रहा है. इससे लोगों में दहशत व्याप्त है.
निर्मली : कोसी व उसकी सहायक नदी तिलयुगा व बिहुल का जलस्तर लगातार बढ़ने की वजह से नगर पंचायत के वार्ड नंबर तीन में स्थित स्लुइस गेट से पानी लगातार दूसरे दिन सोमवार को भी नगर में घुसता ही रहा, जिससे नगरवासियों में दहशत है.
नदी का पानी नगर के बांध किनारे बसे 20 से 25 घरों में प्रवेश कर गया. एसडीओ अरुण कुमार सिंह, डीएसपी संतोष कुमार व कार्यपालक अभियंता अभियंता विनोद कुमार अन्य कर्मियों के साथ नगर में घुस रहे पानी को रोकने के लिए प्रयास कर रहे थे. वहीं नगर में घुस रहे नदी के पानी से नागरिकों में भय का माहौल व्याप्त है.
प्रशासनिक स्तर से बोरा डालने व मिट्टी भरने का कार्य किया जा रहा था. नगर स्थित तीनों स्लुइस गेट की स्थिति जर्जर हो गयी है. बाढ़ पूर्व मरम्मत नहीं कराये जाने की वजह से लोगों के बीच प्रशासन के प्रति आक्रोश भी व्याप्त है. बाढ़ का पानी आने से नगर के पानी की निकासी भी बंद हो गयी है, जिससे और भी लोगों के बीच और भी अनहोनी की आशंका का भय सताने लगा है.
