दुखद. सड़क दुर्घटना में संयुक्त सचिव के परिजन जख्मी
प्रतापगंज थाना क्षेत्र के बांस चौक फोर लेन सड़क पर शनिवार की सुबह सड़क हादसे में कार में सवार बिहार सरकार के उद्योग विभाग के संयुक्त सचिव साकेत कुमार की पत्नी व सास सहित कार चालक जख्मी हो गये, जबकि कार पर सवार एक 15 वर्षीय लड़की रानी मुरमुर की मौत घटना स्थल पर ही हो गयी.
सिमराही/ प्रतापगंज/ करजाइन : कार नंबर WB74 U – 7218 पर सवार होकर उद्योग विभाग के संयुक्त सचिव साकेत कुमार के परिजन पूरब दिशा अररिया की ओर से पश्चिम दिशा की ओर जा रहे थे. इसी क्रम में बांस चौक के समीप कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गयी. जिसमें उनके परिवार के सदस्य बुरी तरह जख्मी हाे गये और साथ में यात्रा कर रही एक 15 वर्षीय लड़की की मौत हो गयी. घटना में जख्मी लोगों को स्थानीय लोगों के सहयोग से सिमराही रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां घटना की सूचना पर पहुंचे जिलाधिकारी बैद्यनाथ यादव, आरक्षी अधीक्षक डॉ कुमार एकले, सीएस रामेश्वर साफी व एनएचआइ के अधिकारियों की देखरेख में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया.
जानकारी अनुसार कार नंबर WB74 U – 7218 पर सवार होकर सचिव श्री कुमार के परिजन पूरब दिशा अररिया की ओर से पश्चिम दिशा की ओर जा रहे थे. इसी क्रम में बांस चौक के समीप कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गयी. स्थानीय लोगों ने बताया की कार डिवाइडर में टकराने के बाद उछल कर दूसरे लेन में चली गयी. जहां विपरीत दिशा से आ रही ट्रक से कार टकरा गयी. इस घटना में कार पर सवार एक लड़की की मौत हो गयी. वहीं कार पर सवार एक वर्षीय बच्ची को खरोंच तक नहीं आयी,
जबकि चालक गंगेश कुमार सहित कार पर सवार सचिव की पत्नी शिवानी झा व सास रीता झा घायल हो गये. साथ ही चिकित्सक के परामर्श के अनुसार घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बाहर भेज दिया. इधर, घटना में मृत 15 वर्षीय लड़की के शव को प्रतापगंज पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया. घटना की सूचना पर प्रतापगंज प्रमुख पति विजय विराजी, उप प्रमुख अनमोल भारती सहित दर्जनों लोग ने घटना स्थल पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली एवं घायल व्यक्ति को रेफरल अस्पताल पहुंचाने में अपना योगदान दिया.
प्रशासनिक महकमे में मची खलबली
आनन-फानन में जिले के तमाम आला अधिकारी, डीएम, एसपी, सीएस, एनएचआइ के अधिकारी सहित राघोपुर बीडीओ मनोज कुमार, सीओ श्यामकिशोर यादव, थानाध्यक्ष चंद्रकांत गौरी, सरायगढ़ बीडीओ व प्रतापगंज बीडीओ, सीओ सहित तीनों थाना के थानाध्यक्ष व पुलिस बल घटना स्थल एवं सिमराही रेफरल अस्पताल पहुंच कर मामले का जायजा लिया.
