इस बार महाशिवरात्रि का त्योहार सोमवार को रहने के कारण श्रद्धालुओं में काफी खुशी का माहौल बना रहा. मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए आयोजन समिति द्वारा व्यापक इंतजाम किया गया था.
सुपौल : महाशिवरात्रि के मौके पर जिले भर के शिवालयों में श्रद्धालुओं ने विधानपूर्वक पूजा अर्चना किया. इस वर्ष महाशिवरात्रि का त्योहार सोमवार को रहने के कारण श्रद्धालुओं में काफी खुशी का माहौल बना रहा. मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए आयोजन समिति द्वारा व्यापक इंतजाम किया गया था. जबकि अधिकांश शिवालयों में अखंड संकीर्तन, अष्टयाम, जागरण सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. साथ ही मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्रों में मेला का भी आयोजन कराया गया था.
फाल्गुन कृष्ण पक्ष के चतुर्दशी तिथि को मनाये जाने वाले महाशिवरात्रि के मौके पर सदर प्रखंड के सुखपुर पंचायत स्थित श्री श्री 108 बाबा तिल्हेश्वर नाथ मंदिर, बरुआरी स्थित कपिलेश्वर नाथ मंदिर व राघोपुर प्रखंड के धरहारा स्थित भीमशंकर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गयी. वहीं शिवालयों में भक्त जनों द्वारा मंत्रोच्चार व लगाये गये बाबा भोलेनाथ के जयकारे से आस पास का वातावरण भक्तिमय हो गया.
