वीरपुर. नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान में 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की मुंशी पिपराही सीमा चौकी ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है. वीरपुर थाना पुलिस के साथ संयुक्त विशेष नाका ड्यूटी के दौरान जवानों ने सोमवार देर रात 7.3 किलोग्राम गांजा बरामद किया. जानकारी देते हुए 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए एसएसबी के अधिकारी और जवान काम कर रहे हैं. इसी का नतीजा है कि प्रतिकूल हालात के बावजूद जवानों ने तस्करों के मंसूबों को नाकाम कर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है. सूचना मिली थी कि सीमा स्तंभ संख्या 201 के समीप से मादक पदार्थ की तस्करी हो सकती है. इसके बाद एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष नाका पार्टी का गठन किया. रात करीब 10:45 बजे नाका पार्टी ने देखा कि एक व्यक्ति नेपाल की ओर से भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था. उसके सिर पर बोरी थी. जवानों को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति बोरी फेंककर अंधेरे का फायदा उठाते हुए नेपाल की ओर भाग निकला. मौके पर बोरी की तलाशी लेने पर उसमें से 7.3 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. बरामद गांजा को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद वीरपुर थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया. इस कार्रवाई में एसएसबी के सहायक उप निरीक्षक नंदलाल एवं अन्य जवानों के साथ बिहार पुलिस के सहायक उप निरीक्षक सिकंदर राय और पुलिस बल के अन्य कर्मी शामिल रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
