बीएसएनएल सेवा से आम लोग हैं परेशान
सिमराही : राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के बीएसएनएल कंपनी के अधिकारियों के मनमाने रवैये का खामियाजा उपभोक्ताओं को बीते एक पखवारे से भुगतना पड़ रहा है. उपभोक्ताओं को नेटवर्क की समस्या का सामना करना पड़ रहा है. इस कारण उपभोक्ता अन्य कंपनियों का सिम कार्ड लेने को विवश हैं.
बीएसएनएल उपभोक्ताओं की माने तो उनके अनुसार एक तो फोन लगता नहीं है. काफी मशक्कत के बाद लग भी जाये तो बातचीत नहीं हो पाती है. उपभोक्ता बताते हैं कि एक समय ऐसा था, जब बीएसएनएल से बात करना और फोन के उपयोग करने वालों की गिनती वीआइपी में की जाती थी.
पर, कंपनी के मनमाने रवैये से तंग आ कर इस कंपनी के सिम को हटाने पर लोग विवश हो रहे हैं. विदित हो कि सरकारी कर्मी हो या फिर अधिकारियों को सरकार के तरफ से बीएसएनएल सिम ही मुहैया कराया गया है. पर नेटवर्क में व्यापक गड़बड़ी रहने के कारण लोगों को संपर्क साधने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है.
