छातापुर : बलुआ थाना क्षेत्र के विशनपुर पंचायत स्थित सोलह माइल गांव में असामाजिक तत्वों द्वारा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयास के बावजूद स्थिति सामान्य होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली है. इस गांव में उपजे तनाव के बाद सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी.
मंगलवार को प्रशासन द्वारा स्थिति का जायजा लेने के बाद तैनात पुलिस बल में कटौती की गयी है. यहां के लोगों ने आपसी भाईचारे को बरकरार रखा. क्षेत्र के व्यवसायियों ने इस घटना के बावजूद दोनों समुदाय द्वारा संयम बरतते हुए आपसी भाईचारे को बरकरार रखने पर स्थानीय लोगों की सराहना की है. व्यवसायियों ने कहा कि कुछ लोग अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा पूरी करने के लिए इस तरह की साजिश को अंजाम देते है. जिसे यहां अमन पसंद लोगों ने करारा जवाब दिया है.
इस घटना क्रम से क्षेत्र में विकट हुई परिस्थिति पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए व्यवसायी छातापुर व्यवसायी संघ के अध्यक्ष सह प्रदेश कार्य समिति सदस्य शाली ग्राम पांडेय ने कहा कि कुछ हताश लोगों के द्वारा छातापुर क्षेत्र के शांत वातावरण को अशांत करने का प्रयास किया गया है. इसे कभी सफल नहीं होने दिया जायेगा.
राज कुमार भगत राजू ने कहा कि सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए इस प्रकार की घिनौनी साजिश करना बहुत ही दुर्भाग्य पूर्ण है. यहां की अमन पसंद जनता इस बात से भली-भांति परिचित है. इसलिए इन साजिशों का यहां की जनता पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है. ललितेश्वर पांडेय ने बताया कि जब तक छातापुर विधानसभा क्षेत्र सुरक्षित था.
तब तक यहां इस प्रकार की घटना नहीं होती थी और जब से यह सीट सामान्य हुई है सीट हथियाने की ख्वाहिश में तथाकथित लोगों द्वारा इस तरह की घटना को अंजाम दिया जाता है. संवेदक वीरपुर निवासी शंकर कुमार भगत कहते हैं कि विशनपुर की जनता महान है, जिसने इतनी गहरी साजिश को आपसी भाईचारे से नाकाम कर दिया.
मो आलम ने कहा कि विकट परिस्थिति में दोनों समुदाय के बुद्धिजीवियों ने सूझ-बूझ का परिचय दिया. इसकी वजह से यहां अमन चैन कायम रह सका. व्यवसायी सूरज चंद्र प्रकाश ने कहा कि कुछ कमजोर मानसिकता के लोग मामूली बात पर साजिश रच कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करते है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है. ऐसे लोगों को समाज से बहिष्कृत कर दिया जाना चाहिए, ताकि समाज में अमन-चैन कायम रह सके.
