वीरपुर : एसएसबी 45 वीं बटालियन वीरपुर के जवानों के खिलाफ भीम नगर के लोगों ने गुरुवार की देर शाम तक हंगामा किया. इस दौरान स्थानीय लोगों ने एसएसबी के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए प्रशासन विरोधी नारे लगाये. भीम नगर वार्ड नंबर 09 निवासी विजय कुमार साह एवं अशोक कुमार झा व्यक्तिगत कार्य से नेपाल की ओर जा रहे थे.
भंटाबारी- नेपाल जाने के क्रम में एसएसबी जवानों द्वारा किये जा रहे वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार को रोका. मौके पर जवानों ने श्री साह की बाइक की टंकी में लबालब तेल देख कर दोनों को वापस हो जाने को कहा . वापस जाने की बात सुन श्री साह व एसएसबी जवानों के बीच तूं-तू- मैं-मैं की स्थिति उत्पन्न हो गयी.
इसके बाद गुस्साए जवानों ने श्री साह को मुर्गा बनने को मजबूर किया. इसकी भनक लगते ही स्थानीय लोगों में गुस्सा फूट पड़ा और लोग सड़क पर उतर आये. नाराज लोगों ने एसएसबी के खिलाफ नारेबाजी की. बताते चलें की नेपाल में जारी गतिरोध से नेपाल में पेट्रोलियम पदार्थ की भारी किल्लत हो गयी है.
साथ ही नेपाल के विभिन्न इलाकों में पेट्रोल की कालाबाजारी भी जम कर हो रही है. इस क्रम में एसएसबी जवानों द्वारा कई बार हजारों लीटर पेट्रोलियम पदार्थ को जब्त किया जा चुका है.
विभागीय निर्देशानुसार एसएसबी जवान लगातार पेट्रोलियम पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने का प्रयास कर रहे हैं. इधर जवान और विजय कुमार के बीच पनपे आक्रोश को बाद में दोनों पक्षों ने बैठ कर सुलझा लिया.
