सुपौल : लोकतंत्र के महापर्व को विशिष्टता के साथ मनाये जाने को लेकर इस चुनाव के प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में कुछ बूथों को मॉडल मतदान केंद्र बनाये जाने की बात कही गयी थी. निर्वाचन आयोग के इस मसले पर जिला निर्वाचन द्वारा प्रत्येक विधान सभा क्षेत्रों के दर्जनों मतदान केंद्रों को मॉडल मतदान केंद्र बनाया गया.
उक्त केंद्र पर संबंधित पदाधिकारी द्वारा टेंट, शामियाना, कुरसी, पेयजल, चाय व नाश्ता के स्टॉल सहित बच्चों के लिए मनोरंजन का साधन उपलब्ध कराया जाना था. सुपौल विधान सभा क्षेत्र के उच्च विद्यालय सुखपुर उत्तर भाग स्थित बनाये गये मतदान केंद्र संख्या – 175 को मॉडल मतदान केंद्र बनाया गया, जहां ना तो मनोरंजन का साधन और ना ही पेयजल स्टॉल दिखा.
साथ ही मनोरंजन का साधन तो दूर, मॉडल मतदान केंद्र पर टेंट व शामियाना भी नदारद था, जबकि विद्यालय परिसर के बाहर मॉडल मतदान केंद्र का होर्डिंग लगा दिया गया था. उक्त होर्डिंग को देख कर मतदाता भी हैरान दिखे. अधिकांश मॉडल मतदान केंद्रों पर एक छोटा बैरिकेड बना कर कुछ बैलून फुला कर सजा दिया गया था. इसके अलावा न तो उक्त बैरिकेड में कुरसी लगायी गयी थी और न ही विभागीय मानक अनुरूप व्यवस्था उपलब्ध कराया गया था.
