सुपौल : पांचवें चरण के तहत 05 नवंबर को जिले में होने वाले मतदान को लेकर प्रशासन द्वारा सभी तैयारी पूरी कर ली गयी है.जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में मतदान के सफल संचालन हेतु कुल 1260 मतदान केंद्रों की स्थापना की गयी है.जहां 13 लाख 15 हजार 301 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये हैं.कुल 54 कंपनी पारा मिलिट्री फोर्स को चुनाव कार्य में लगाया गया है.सभी मतदान केंद्रों पर अर्धसैनिक बल तैनात रहेंगे.यह बातें जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी एम रामचंद्रुडू ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित टीसीपी भवन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही.
डीएम श्री डू ने बताया कि मतदान का कार्य सुबह 07:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक चलेगा.बताया कि संवेदनशील मतदान केंद्रों की संख्या 429 है.75 केंद्रों पर वेभ कास्टिंग करायी जायेगी.वहीं 88 केंद्रों पर वीडियो ग्राफी की व्यवस्था की गयी है.जिले में 20 मॉडल मतदान केंद्र बनाये गये हैं.310 केंद्रों पर मइक्रो ऑब्जरवर की प्रतिनियुक्ति की गयी है.
1600 होमगार्ड के जवानों को भी चुनाव कार्य में लगाया गया है.कोसी तटबंध के अंदर के मतदान केंद्रों पर एसडीआरएफ टीम की तैनाती की गयी है.कहा कि मतदान के दिन भारत-नेपाल व पड़ोसी जिलों के सीमावर्ती क्षेत्र को सील रखा जायेगा.बताया कि सुपौल विधानसभा क्षेत्र में पहली बार भीभी पैड का इस्तेमाल किया जा रहा है.
जिसमें मतदाता मतदान के बाद अपने मतदान की तस्दीक कर सकते हैं.डीएम श्री डू ने बताया कि निर्वाचन कार्य को लेकर प्रशासन द्वारा निरोधात्मक कार्रवाई लगातार जारी है.इस क्रम में वाहन चेकिंग के दौरान 16 लाख 73 हजार 750 रुपये जब्त किये गये हैं.फ्लाइंग स्क्वाइड द्वारा 04 लाख एवं एसएसटी द्वारा 02 लाख 92 हजार 630 भारतीय एवं 06 लाख 86 हजार 860 नेपाली करेंसी जब्त किये गये हैं.3075 लीटर अवैध शराब जब्त किया गया है.
14 शस्त्र अनुज्ञप्ति को निलंबित कर दिया गया है.वहीं 555 शस्त्र जमा कराये गये हैं.कहा कि इस बार एयर एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गयी है.बताया कि मतदान के दिन प्रत्येक प्रत्याशी को तीन वाहन के परिचालन की अनुमति दी गयी है.जिसका उपयोग अभ्यर्थी, अभिकर्ता व कार्यकर्ता करेंगे.
श्री डू ने कहा कि निष्पक्ष एवं भय मुक्त चुनाव संचालन को लेकर प्रशासन प्रतिबद्ध है.किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाये जाने पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी.इस अवसर पर डीडीसी हरिहर प्रसाद, डीपीआरओ ब्रज किशोर लाल, उप निर्वाचन पदाधिकारी दिनेश लाल दास मौजूद थे.
