सुपौल : सुपौल विधान सभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी किशोर कुमार मुन्ना ने बुधवार को सदर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों का भ्रमण कर मतदाताओं से आशीर्वाद प्राप्त किया. इस दौरान श्री मुन्ना ने कर्णपुर, सुखपुर, नूनू पट्टी, बकौर हाट,सोल्हनी, परसरमा आदि गांवों का दौरा किया. समर्थन की अपील करते श्री मुन्ना ने कहा कि 25 वर्षों से विधानसभा क्षेत्र में महज चंद लोगों का विकास हुआ, जबकि आम जन विकास की बात तो दूर जन प्रतिनिधि के दर्शन के लिए भी तरस गये.
उन्होंने केंद्र के साथ ही राज्य में भी भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनाने का आह्वान किया, ताकि सूबे में विकास की गति तीव्र हो सके. अगर क्षेत्र की जनता उन्हें चुनती है, तो वे विधायक नहीं, बल्कि समाज का बेटा व भाई बन कर कार्य करेंगे. श्री मुन्ना ने स्थानीय मतदाताओं से इस बार भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील की. इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष प्रधान, सुमन कुमार चंद, संजय सिंह, गिरीश चंद्र ठाकुर, प्रकाश झा, अनिल कुमार सिंह, जयंत मिश्र, महेश देव, सुमन कुमार, आदित्य कौशिक, डॉ शमशाद आलम, विजय झा, बलराम कामत, सरोज कुमार झा आदि मौजूद थे.
