बसंतपुर : वीरपुर कोसी परियोजना की हृदय स्थली कही जाने वाली गोल चौक इन दिनों दुर्घटना जोन बन गया है. क्योंकि इस चौराहे को एक ओर से दूसरी ओर देखना मुश्किल है. जिसके कारण हर आने -जाने वाले चार चक्के वाहन हो या दो पहिया या फिर पांव पैदल चलने वाले हर राहगीर को इस गोलंबर में उग आये झाड़ी की वजह से दुर्घटना होने की आशंका बलवती हो गयी है.
दरअसल गोलंबर क्षेत्र में उग आये झाड़ी की वजह से वाहन चालकों को दूसरी ओर का नजारा दिखायी नहीं देता है. जिसके कारण दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है. गोल चौक पर ट्रैफिक पुलिस की समुचित व्यवस्था नहीं रहने के कारण भी समस्या पैदा होती है. गौरतलब है कि कोसी परियोजना के निर्माण काल में ही कोसी योजना का मुख्यालय सहित कोसी शिविर का निर्माण वीरपुर में कराया गया था. इसी दौरान शहर के मध्य भाग में गोलंबर का निर्माण हुआ.
जिसके कारण इस चौक का नाम गोल चौक रख दिया गया. गोलंबर के बीच अशोक स्तंभ भी बनाया गया. यह गोलंबर भी कोसी बराज की तरह ही अभियंत्रण का बेजोड़ नमूना था. कालांतर में यहां से ही ट्रैफिक पुलिस द्वारा नगर की परिवहन व्यवस्था को सुचारु रूप से चलायी जाती थी. लेकिन समय के साथ गोलंबर कोसी परियोजना की लचर व्यवस्था का शिकार हो गया. नतीजतन गोलंबर गंदगी और असामाजिक तत्वों का ठिकाना बनने लगा.
तब यहां के लोगों ने कोसी परियोजना का ध्यान इस ओर आकृष्ट करवाया. लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ. अनंत: वर्ष 2000 में नगर पंचायत वीरपुर ने इसके रख -रखाव की जिम्मेवारी संभाली और सावित्री प्रभा सेवा संस्थान को इसके आधुनिकीकरण और रख -रखाव की जिम्मेवारी सौंप दी. लेकिन सावित्री प्रभा ने इसके पुराने स्वरूप को तोड़ कर गोलंबर की जहां ऊंचाई बढ़ा दी. वहीं इसके अंदर झाड़ीनुमा पेड़ लगा दिया गया.
जो आज आम लोगों के लिए समस्या बन गयी है. झाड़ी की वजह से यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती है. स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता फैयाज आलम, बुच्ची गुप्ता, कामता प्रसाद, प्रदीप कुमार, भागवत बाबू आदि ने इस समस्या को कई बार नगर पंचायत के अधिकारी के पास रखा. लेकिन समस्या के निदान के बजाय उन्हें सिर्फ आश्वासनों की घुट्टी ही पिलायी गयी.
सावित्री प्रभा सेवा संस्थान को समस्या के निदान के लिए निर्देश दिया गया है. शीघ्र झाड़ियों की सफाई की जायेगी. यदि उनके द्वारा इस कार्य को ससमय नहीं किया गया, तो नगर पंचायत द्वारा इस दिशा में प्राथमिकता के आधार पर पहल की जायेगी. कार्यपालक पदाधिकारी अमोल मिश्रा, नगर पंचायत वीरपुर.
