स्थानीय बाजार व हाट परिसर में कचरे का लगा ढेर लोगों की समस्या का कारण बना हुआ है. गंदगी की वजह से जहां आम लोगों को इन सड़कों से गुजरने में परेशानी झेलनी पड़ती है. वहीं दशहरा जैसे महापर्व के मौके पर भी प्रशासन द्वारा कचरे की साफ-सफाई नहीं किये जाने से लोगों में असंतोष व्याप्त है.मंदिर के रास्ते पर लगा है
कचरे का ढ़ेर गौरतलब है कि स्थानीय हाट परिसर स्थित हनुमान मंदिर व करीब में स्थित दुर्गा मंदिर जाने के रास्ते पर भी गंदगी का अंबार लगा है. मंदिर जाने का एक मात्र रास्ता होने की वजह से लोगों को दुर्गंध भरे इस सड़क से गुजरने की विवशता बनी हुई है. पूर्व में साफ-सफाई को लेकर स्थानीय ग्रामीणों द्वारा मुद्दे को व्यापक रूप से उठाया गया.
सफाई की स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों द्वारा पहल भी की गयी. लेकिन प्रशासन द्वारा इस दिशा में पहल व रुचि नहीं दिखाने की वजह से अभियान विफल साबित हुआ. ग्रामीणों में व्याप्त है असंतोष सरकार व प्रशासन द्वारा साफ-सफाई की दिशा में आवश्यक कदम नहीं उठाने की वजह से ग्रामीणों में असंतोष व्याप्त है.
स्थानीय बाजार निवासी गोपाल साह, महामाया चौधरी, मनीष कुमार, मनोज कुमार, रामेश्वर साह आदि बताते हैं कि बाजार समिति व प्रशासनिक स्तर पर आज तक सफाई की दिशा में पहल नहीं की गयी है. बताया कि बाजार क्षेत्र में सुलभ शौचालय, पेयजल व रोशनी की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है.
जिसके कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है. कहा कि दशहरा जैसे पर्व के मौके पर सफाई, पेयजल व रोशनी की तत्काल व्यवस्था की जानी चाहिए. क्या कहते हैं अधिकारी अंचलाधिकारी अमित कुमार लाल ने इस बाबत पूछे जाने पर कहा कि हाट व बाजार क्षेत्र में व्याप्त गंदगी व मौजूद कचरे की शीघ्र सफाई की जायेगी. ताकि लोगों को सुविधा उपलब्ध करायी जा सके.
