वीरपुर : खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग है. खेल हमें अनुशासन सिखाता है. उक्त बातें इंटर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के अवसर पर कमांडेंट एएन झा ने रविवार को कही. वीरपुर प्लस टू इंटर कॉलेज के खेल मैदान में रंगारंग कार्यक्रम के साथ समारोह का आगाज हुआ. श्रुति मौसम के स्वागत गीत से कार्यक्रम की शुरुआत हुई.
रविवार से प्रारंभ हुए इस टूर्नामेंट में फैजल एजुकेशनल सोसायटी शंकरपुर, सर्वज्ञान निकेतन बलुआ बाजार, शिव गुरु विद्यालय भीमनगर, सावित्री प्रभा आवासीय विद्यालय वीरपुर, मिथिलांचल पब्लिक स्कूल सहित कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं. पहले दिन का मैच शिव गुरु कुल विद्यालय भीमनगर एवं फैजल एजुकेशनल सोसाइटी शंकरपुर के बीच खेला गया. समाचार लिखे जाने तक खेल जारी था. इस मौके पर वाणिज्य कर विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर सच्चिदानंद झा, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता प्रो रंजीत कुमार मिश्र, लक्ष्मी नारायण यादव, अजय कुमार सिंह, सुल्ताना परवीन, अनीता सिन्हा, मीना सिंह सहित काफी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे.
