वर्दी केवल एक परिधान नहीं, राष्ट्र की अखंडता, सुरक्षा व सम्मान का है प्रतीक : उप महानिरीक्षक – एसएसबी प्रशिक्षु प्रशिक्षण केंद्र में दीक्षांत परेड का किया गया आयोजन सुपौल. देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए समर्पित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के प्रशिक्षु प्रशिक्षण केंद्र, आसनपुर कुपहा में शनिवार को 09 वें बुनियादी प्रशिक्षण बैच के दीक्षांत परेड समारोह का आयोजन भव्यता के साथ किया गया. इस अवसर पर कुल 33 नव प्रशिक्षुओं ने 24 सप्ताह के कठोर प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूर्ण कर राष्ट्र सेवा की शपथ ली. समारोह में एसएसबी के उप महानिरीक्षक संजय कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. द्वितीय कमान अधिकारी माधब चन्द्र घोष ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया. उप महानिरीक्षक ने परेड की सलामी ली और नव प्रशिक्षुओं के आत्मबल, अनुशासन और देशभक्ति की सराहना की. प्रशिक्षण केंद्र में 24 सप्ताह का यह प्रशिक्षण सैन्य अनुशासन, मानसिक एवं शारीरिक दृढ़ता, रणनीतिक अभ्यासों तथा राष्ट्रीय मूल्यों की शिक्षा से परिपूर्ण था. दीक्षांत परेड में वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षण स्टाफ, संदीक्षा सदस्य एवं प्रशिक्षुओं के परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे. उप-महानिरीक्षक शर्मा ने कहा, आज जिन युवाओं ने यह वर्दी धारण की है, उन्होंने केवल राष्ट्र सेवा का संकल्प नहीं लिया, बल्कि ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण की जिम्मेदारी भी अपने कंधों पर ली है. यह वर्दी केवल एक परिधान नहीं, बल्कि यह राष्ट्र की अखंडता, सुरक्षा और सम्मान का प्रतीक है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये नव प्रशिक्षु भविष्य में सशस्त्र सीमा बल की गरिमा को और ऊंचाइयों तक ले जाएंगे और राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा में अपना सर्वोच्च योगदान देंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
