शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में मिली सफलता जदिया. जदिया थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 222.75 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ एक काले रंग की स्कॉर्पियो (बीआर 01 पीसी/4162) को जब्त किया है. इस दौरान पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य आरोपित मौके से फरार हो गया. थानाध्यक्ष नंदकिशोर नंदन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन के माध्यम से अवैध रूप से अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप ले जायी जा रही है. सूचना मिलते ही जदिया थाना पुलिस सक्रिय हो गयी और एनएच-327ई पथ पर अनंतपुर चौक से पूरब पाल ट्रेडर्स गोदाम के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया गया. इसी दौरान रानीगंज की ओर से आ रही एक संदिग्ध काली रंग की स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस को देखते ही स्कॉर्पियो से दो व्यक्ति उतरकर भागने लगे. पुलिस ने खदेड़कर एक व्यक्ति को मौके से पकड़ लिया, जबकि दूसरा व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. पकड़े गये व्यक्ति की पहचान मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र के कजरा वार्ड संख्या-11 निवासी सूर्यनारायण यादव के 20 वर्षीय पुत्र मंजेश कुमार के रूप में हुई है. वाहन की तलाशी लेने पर स्कॉर्पियो से कुल 25 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की गयी. जिसकी कुल मात्रा करीब 222.75 लीटर बतायी गयी है. मोरा झरकहा पहुंचाना था जब्त शराब पूछताछ के दौरान मंजेश कुमार ने बताया कि बरामद शराब को मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र के मोरा झरकहा वार्ड संख्या 17 निवासी डोमी यादव के पुत्र कुलदीप यादव के यहां पहुंचाया जाना था. साथ ही उसने फरार व्यक्ति का नाम उज्ज्वल कुमार बताया. पूछताछ में मंजेश कुमार ने यह भी खुलासा किया कि त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के डपरखा निवासी मुकेश कुमार इस पूरे मामले में लाइनर का काम कर रहा था. इसके बाद पुलिस ने त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के डपरखा गांव में छापेमारी कर मुकेश कुमार की स्विफ्ट कार (बीआर 11 एएएफ 6754) को जब्त कर लिया. कार की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक वॉकी-टॉकी भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल तस्करों द्वारा आपस में संपर्क बनाये रखने के लिए किया जाता था. मंजेश कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने शंकरपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर कुलदीप यादव को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार बरामद शराब में रॉयल स्टेग सुपीरियर व्हिस्की, रॉयल स्टेग प्रीमियम व्हिस्की तथा इम्पेरियर ब्लू रिजर्व ग्रीन व्हिस्की शामिल है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया. साथ ही वाहन से रियलमी तथा ओप्पो कंपनी के दो मोबाइल फोन भी बरामद किये गये हैं. थानाध्यक्ष ने बताया कि बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मंजेश कुमार, कुलदीप यादव, उज्ज्वल कुमार, वाहन स्वामी एवं अन्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. गिरफ्तार आरोपित मंजेश कुमार एवं कुलदीप यादव को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. वहीं फरार आरोपी उज्ज्वल कुमार तथा अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
222 लीटर शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार, वाहन जब्त
मोरा झरकहा पहुंचाना था जब्त शराब
