बलुआ बाजार : थाना क्षेत्र के नाथपट्टी वार्ड 09 में सोमवार की रात वीरपुर-बथनाहा एनएच 106 मुख्य पथ पर पटना चौक के समीप बाइक की ठोकर से 65 वर्षीय वार्ड पंच शनिचरी देवी की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद उक्त स्थल पर अफरा -तफरी का माहौल कायम हो गया. इससे कुछ देर के लिए जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी.
बताया जा रहा है कि बीती रात मृतका अपने घर से कोई नोटिस लेकर सड़क के किनारे बैठे अपने पति डोमी चौपाल को नोटिस दिखाने के लिए जा रही थी. इसी क्रम में पश्चिम की दिशा से आ रही तेज रफ्तार की बाइक ने वृद्धा को ठोकर मार दिया. जिससे की उनकी मौत घटना स्थल पर ही हो गयी.
घटना में बाइक चालक भी जख्मी हो गए. हलांकि कुछ लोगों ने बाइक को अपने कब्जे में भी ले लिया. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना बलुआ थाना को दी सूचना के दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने भी स्थिति का जायजा लिया तथा जख्मी को इलाज करवाने की बात कही.
मृतक के परिजनों का कहना था कि जख्मी बाइक चालक को बगल के ही प्रवीण कुमार शर्मा ने इलाज के लिए उनके ही बाइक से इलाज के लिए विशनपुर चौक पर किसी प्राइवेट डॉक्टर के पास ले जाकर छोड़ दिया. इसके बाद बाइक चालक बाइक लेकर कहां गया इसकी जानकारी उनलोगों को नहीं है. कहा कि रात में भगदड़ मच जाने के कारण ना तो बाइक का नंबर देख पाए और ना ही चालक को चिन्हित कर सके.
लेकिन वहीं कुछ लोगों का कहना था कि बाइक चालक अररिया जिले के बथनाहा का रहने वाला बताया जा रहा है. वार्ड पंच की मौत के बाद उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है. इस बाबत थानाध्यक्ष संतोष कुमार निराला ने बताया कि मृतक के पति डोमी चौपाल के द्वारा अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध आवेदन दिया गया है. शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया गया है.
