पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया माहे पंचायत स्थित गिदराही टोला वार्ड 10 निवासी लाल मंडल के 20 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार मंडल सोमवार को छत का रेलिंग टूटने से नीचे गिरने से बुरी तरह जख्मी हो गया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.
जानकारी अनुसार चंदन सहरसा भवीसाह चौक स्थित शिवपुरी मोहल्ला विजय यादव के मकान में कमरा किराया पर लेकर बीए पार्ट टू की तैयारी करता था.
उसी लॉज के दूसरे कमरे में रहने वाले चंदन का साथी जोल्हनिया पथरा निवासी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार की सुबह जब चंदन कोचिंग पढ़कर वापस आया तो बगल के मकान के छत पर धूप लगाने के लिए चंदन छत पर चढ़ा और रेलिंग के सहारे खड़ा होकर धूप लगाने लगा. तभी अचानक रेलिंग टूट कर पिछे गिरी.
उसी रेलिंग के साथ चंदन भी नीचे गिर गया. गिरने से हुई आवाज सुनकर उनके साथी सुभाष कुमार दौड़ कर देखा चंदन नीचे गिरा हुआ है. अपने साथी चंदन को गिरे देख सुभाष भी बेहोश हो गया. अगल-बगल के लोगों के सहयोग से चंदन को इलाज के लिए सदर अस्पताल सहरसा ले गया. बताया कि चंदन के माथे में चोट लगी थी. इलाज के क्रम में चंदन ने दम तोड़ दिया.
मौत की खबर मिलते ही घर में मचा कोहराम: घटना में चंदन की मौत की सूचना तत्काल उसके घर गिदराही में उसके माता-पिता को दी गयी. बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया. धीरे-धीरे इस घटना की खबर पूरे गांव में फैल गई. नौजवान बेटे को खोने के गम में माता पिता का रो-रोकर बुरा हाल था. सोमवार को करीब 4:00 बजे दिन में एंबुलेंस से मृतक चंदन का शव उसके घर पहुंचा.
चंदन का शव पहुंचते ही उसे देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग उसके घर इकट्ठा हो गये. पंचायत की मुखिया रेखा कुमारी, पूर्व मुखिया वीरेंद्र प्रसाद मंडल, समाजसेवी नवीन कुमार ने मृतक के घर पहुंच कर ढांढ़स बंधाया. साथ ही आपदा प्रबंधन विभाग से उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा भी दिलाया.
